Anti Ageing Food: शायद ही कोई ऐसा हो, जो खूबसूरत और जवां नहीं दिखना चाहता। इन दिनों हर कोई चाहे वह लड़का हो या फिर लड़की अपने लुक और खूबसूरती का खास ख्याल रखते हैं। खुद को जवां और सुंदर बनाए रखने के लिए लोग कई तरह के ब्यूटी और स्किन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, कई वजहों से हमारी स्किन बेजान और बूढ़ी नजर आने लगती है। जब हम अपनी डाइट में एंटीऑक्सिडेंट, हेल्दी फैट, पानी और आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर रखते हैं तो फिर हमारी स्किन टाइट और चमकदार बनी रहती है। लोशन, क्रीम और मास्क कुछ घंटों के लिए हमारी स्किन को चमकदार रख सकते हैं लेकिन, अच्छा खाना आपको लंबे समय तक जवां रखने का काम करता है। ऐसे में आज हम आपको यहां पर कुछ ऐसे एंटी एजिंग फूड के बारे में बताने जा रहे हैं, जो आपकी स्किन ग्लोइंग और यंग रखेगा।
यहां जानें एंजी एजिंग फूड ग्लोइंग स्किन के लिए (Anti Ageing Foods For Glowing Skin)
1) एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर, डार्क चॉकलेट ब्लड फ्लो में सुधार करती है। जिससे त्वचा की चमकदार रंगत को बढ़ाने में मदद मिलती है और त्वचा का खुरदरापन भी कम होता है।
2) दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स हेल्दी गट हेल्थ को बढ़ावा देते हैं, जिससे आपकी त्वचा साफ और स्वस्थ बनती है।
3) कई मेवे (खासतौर से बादाम) विटामिन ई का एक बड़ा स्रोत हैं, जो त्वचा के टिशू को रिपेयर, त्वचा की नमी बनाए रखने और हानिकारक यूवी किरणों से त्वचा की रक्षा करने में मदद कर सकते हैं। अखरोट में एंटी-इंफ्लेमेटरी ओमेगा-3 फैटी एसिड भी होता है, जो स्किन सेल मेमब्रेन को मजबूत करने और धूप से होने वाले नुकसान से बचाने का काम करता है।
4) फैटी फिश जैसे सैल्मन आदि में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड त्वचा का लचीलापन बनाए रखता है, झुर्रियों को रोकता है और स्किन को ग्लोइंग बनाने में मदद करता है।
5) अपने औषधीय गुणों की वजह से हल्दी कई समस्याओं के इलाज में इस्तेमाल की जाती है। सेहत के साथ ही त्वचा के लिए भी काफी गुणकारी है। इसमें मौजूद करक्यूमिन में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव होते हैं, जो त्वचा को जवां और खूबसूरत बनाने में योगदान देता है।
इसके अलावा एवोकाडो में सूजन से लड़ने वाले फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो चिकनी, कोमल त्वचा को बढ़ावा देते हैं। इनमें विभिन्न प्रकार के आवश्यक पोषक तत्व भी होते हैं जो उम्र बढ़ने के प्रभावों को कम कर सकते हैं और स्वीट पोटैटो भी एक स्वादिष्ट जड़ वाली सब्जी है जिसमें विटामिन सी और ई का एक बड़ा स्रोत होता है। ये दोनों हमारी त्वचा को हानिकारक मुक्त कणों से बचा सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
