Air Pollution and Child Health: सर्दियों की शुरुआत होने से पहले ही एयर पॉल्यूशन ने अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। वहीं बात करें दिल्ली और आसपास के इलाकों की तो यहां का मौसम अभी से प्रदूषित होने लगा है। जिसका असर हमारी सेहत पर दिखाई देता है। वायु प्रदूषण का असर बड़ों से ज्यादा बच्चों की सेहत पर देखने को मिलता है, इसके अलावा बुजुर्गों को भी वायु प्रदूषण काफी नुकसान पहुंचाता है। लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण से बच्चों को बचाना बहुत जरूरी है, क्योंकि इसका असर उनकी ग्रोथ पर भी दिखाई देता है। आज हम आपको वायु प्रदूषण से बच्चों को बचाने के कुछ उपाय बताने जा रहे हैं, जो आपके बेहद काम आ सकते हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
बच्चों की सेहत पर प्रदूषण का असर
वायु प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों की सेहत पर देखने को मिलता है, जिसका कारण है कि बच्चे रोजाना स्कूल जाते हैं इसके अलावा वह सुबह शाम खेलने के लिए भी घर से बाहर चले जाते हैं। ऐसे में बच्चों को इस पॉल्यूशन से बचाना एक बड़ी समस्या बन जाता है। वायु प्रदूषण में बिना सुरक्षा बाहर निकलने से बच्चों के फेफड़ों में प्रदूषण के कण चले जाते हैं, जो उनके इम्यून सिस्टम को कमजोर बनाने का काम करते हैं। जिसके चलते बच्चे आसानी से बीमार पड़ने लगते हैं और उनकी ग्रोथ पर भी काफी बुरा असर पड़ता है।
वायु प्रदूषण के कारण होने वाले रोग
- वायु प्रदूषण के कारण फेफड़ों से जुड़ी ब्रोंकाइटिस और निमोनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
- वायु प्रदूषण आपके लिए दिल के दौरे का खतरा भी बढ़ता देता है, क्योंकि यह ब्लॉकेज का कारण बनता है।
- वायु प्रदूषण के कारण सूक्ष्म कण सांस के द्वारा फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं, जो धीरे-धीरे लंग कैंसर के खतरे को बढ़ा देते हैं।
- आंखों से संबंधी रोगों का खतरा भी वायु प्रदूषण के कारण काफी बढ़ जाता है।
- गंभीर वायु प्रदूषण में सांस लेना बच्चों के मानसिक विकारों का कारण भी बन सकता है।
वायु प्रदूषण से बच्चों को कैसे बचाएं?
- घर की हवा को साफ करने के लिए आप इंडोर प्लांट लगा सकते हैं।
- इसके अलावा आप घर में एयर प्यूरीफायर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
- बाहर निकलते समय बच्चों को फेस मास्क का इस्तेमाल जरूर कराएं।
- इसके अलावा बच्चों को भरपूर पानी पिलाएं जिससे बॉडी डिटॉक्स हो सके।
- बच्चे को विटामिन-सी और जिंक से भरपूर डाइट दें जिससे इम्यूनिटी को बूस्ट किया जा सके।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
