स्पोर्ट्स

थाइलैंड के खिलाफ जीत की हैट्रिक लगाकर सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम की जीत का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराने वाली भारतीय टीम रविवार को थाईलैंड के खिलाफ उतरी। इस मुकाबले को भारत ने एकतरफा अंदाज से अपने नाम किया।

Image

भारत बनाम थाईलैंड (साभार-x)

रविवार को भी भारतीय महिला हॉकी टीम की जीत का सिलसिला जारी रहा। डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी। यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले भारतीय टीम मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हरा चुकी है। भारत की ओर से नवनीत कौर ने चौथे मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। इसके बाद दीपिका ने 10वें मिनट में शानदार मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। थाईलैंड की टीम अभी संभल भी नहीं पाई थी कि अगले ही मिनट दीपिका ने एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।

शानदार लय में खेल रही भारतीय टीम ने लगातार हमले जारी रखे। मुमताज खान ने 28वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त 4-0 कर दी। मुमताज का यह टूर्नामेंट में तीसरा गोल था। वह इससे पहले वह शुरुआती दो मुकाबलों में भी गोल कर चुकी थीं। मध्यांतर तक भारतीय टीम ने मुकाबले पर पूरी तरह अपना दबदबा बना लिया था। तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक अंदाज जारी रहा। खेल दोबारा शुरू होने के तुरंत बाद 32वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने गोल दागकर भारत को 5-0 से आगे कर दिया।

इसके बाद दीपिका ने 56वें मिनट में अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की और भारत की बढ़त 6-0 कर दी। मैच के अंतिम क्षणों में नवनीत कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक पर एक और गोल दागकर भारत की जीत 7-0 से सुनिश्चित कर दी। लीग स्टेज में भारत के अब भी दो मुकाबले बाकी हैं। 24 नवंबर को भारत का सामना चीन से होगा जबकि अपने आखिरी लीग मुकाबले में भारतीय महिला टीम 25 नवंबर को जापान से खेलेगी। सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को जबकि फाइनल मुकाबला 28 नवंबर को खेला जाना है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article