एक्सप्लेनर्स

क्या अब दारा सिंह चौहान बनेंगे मंत्री? नामंकन में सीएम योगी की मौजूदगी के मायने समझिए

Dara Singh Chauhan: दारा सिंह चौहान ने सीएम योगी की उपस्थिति में नामंकन दाखिल कर दिया है। कहीं न कहीं ये इस ओर इशारा कर रहा है कि एक बार फिर से वो योगी सरकार में मंत्री बनने जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा का ये दांव कितना सफल होगा, आपको सियासी गुणा-गणित समझाते हैं।

Image

दारा सिंह चौहान ने दाखिल किया नामांकन।

UP Politics News: राजनीति की कौन कब बेवफा हो जाए और किसकी किस्मत कब चमक जाए, इसका अंदाजा लगा पाना बिल्कुल वैसा ही है, जैसे रेत के भंडार में सुई को ढूंढना। घोसी विधानसभा उपचुनाव में जब दारा सिंह को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी, तो उस वक्त वो खुद को कोस रहे होंगे। हालांकि अब उनकी किस्मत पलटने वाली है। सीएम योगी की उपस्थिति में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के उपचुनाव के लिए नामंकन दाखिल किया है।

दारा सिंह चौहान ने दाखिल किया नामांकन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान ने नामांकन पत्र दाखिल कि‍या। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। बता दें, डॉ. दिनेश शर्मा के इस्तीफा देने के बाद रिक्त हुई विधान परिषद की सीट पर पहले मतदान 29 जनवरी को होना था। लेकिन 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के कारण सार्वजनिक अवकाश की घोषणा के बाद निर्वाचन आयोग ने सोमवार को संशोधित चुनाव कार्यक्रम जारी क‍िया था। अब 30 जनवरी को उपचुनाव होगा। वहीं नाम वापसी 22 जनवरी के बजाय 23 जनवरी को होगी। डॉ. शर्मा की एमएलसी सीट का कार्यकाल 30 जनवरी 2027 तक है।

क्या अब दारा सिंह चौहान बनेंगे मंत्री?

लोकसभा चुनाव नजदीक है, ऐसे में सभी पार्टियां हर तरह के सियासी गुणा-गणित में जुटी हुई है। भाजपा भी किसी तरह की कोताही बरतने के मूड में नहीं है। चौहान वोटबैंक को देखते हुए दारा सिंह चौहान को अगर योगी सरकार में मंत्री पद मिल जाए, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी।

दल बदलने में माहिर हैं दारा सिंह चौहान

जैसे-जैसे हवा बदलती है, कुछ नेता अपना रुख बदल लेते हैं। दारा सिंह चौहान के दल बदलने का इतिहास बड़ा पुराना है। इसे समझने के लिए एक ही लाइन काफी है, कांग्रेस, सपा, बसपा, भाजपा, सपा, भाजपा... छात्र नेता के रूप में दारा सिंह चौहान काफी एक्टिव थे। छात्र राजनीति के बाद वो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) से जुड़कर राजनीति में सक्रिय हो गए। हालांकि कांग्रेस का साथ लंबा नहीं चला और वर्ष 1996 में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए और लगातार दो बार वो राज्यसभा के लिए चुने गए। इसके बाद उन्होंने बसपा का साथ पकड़ लिया। फिर भाजपा, फिर से सपा और अब फिर से भाजपा।

हटने वाला है सियासी करियर पर लगा ब्रेक

पिछले वर्ष समाजवादी पार्टी से नाता तोड़कर भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने वाले दारा सिंह चौहान के सियासी करियर पर लगा ब्रेक अब हटने वाला है। विधायकी के चुनाव में भले ही हार मिली, मगर अब वो विधान परिषद सदस्य के तौर पर उच्च सदन में नजर आएंगे। विधानसभा चुनाव 2022 से ठीक पहले योगी सरकार में मंत्री रहे दारा सिंह ने चुनाव से ठीक पहले भाजपा और मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद वो अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। उस वक्त ये शोर था कि सपा और भाजपा के बीच इस चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।

घोसी सीट से दारा सिंह चौहान को मिली थी जीत

उस वक्त सपा ने दारा सिंह को घोसी से मैदान में उतारा और उनकी जीत हुई। मगर सपा की सरकार नहीं बनी, एक साल बीते ही थे कि दारा सिंह चौहान ने भाजपा में वापसी कर ली। उनकी विधानसभा सदस्यता भंग हो गई, मगर भाजपा ने उन्हें उसी सीट से दोबारा मैदान में उतारा और वो हार गए। दारा सिंह को कुछ वक्त तक कुर्सी से दूर रहना पड़ा, मगर अब वो फिर से मंत्री बन सकते हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article