एक्सप्लेनर्स

'अंग, बंग और कलिंग', जानें Amit Shah ने एक लाइन में क्यों किया इनका जिक्र

केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने आज कोलकाता में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंग, बंग और कलिंग का जिक्र किया। एक वाक्य में इस्तेमाल हुए इन तीन शब्दों का क्या मतलब है, चलिए जानते हैं -

Image

अमित शाह ने बंगाल में भाजपा की सरकार बनने की बात कही

West Bengal Assembly Election 2026: केंद्रीय गृहमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह (Amit Shah) ने आज कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कल यानी गुरुवार 23 अप्रैल को बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत पहले चरण का मतदान हुआ। पहले चरण में 152 सीटों पर बंपर वोटिंग हुई और मतदान का प्रतिशत 92.88 तक पहुंच गया। पहले चरण में बंपर वोटिंग से भाजपा काफी खुश है और पार्टी को लग रहा है कि इस बार वह बंगाल में सरकार बना सकती है। अमित शाह ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि पहले चरण में ही पार्टी को 110 से ज्यादा सीटें मिल रही हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने अंग, बंग व कलिंग का जिक्र किया। चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा और इसका क्या मतलब है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भाजपा को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा, यहां का मतदान प्रतिशत यह दिखाता है कि लोगों का लोकतंत्र पर भरोसा और उत्साह बढ़ा है। उन्होंने पहले चरण के सभी मतदाताओं को धन्यवाद किया और दूसरे चरण के मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान की अपील भी की।

अंग, बंग व कलिंग पर क्या बोले अमित शाह?

मीडिया के प्रश्नों के उत्तर देते हुए अमित शाह ने कहा कि 5 मई को 'दीदी' जाने वाली है, बीजेपी आने वाली है। इसी दौरान उन्होंने कहा कि बंगाल में हमारा प्रचंड बहुमत आ रहा है और अंग, बंग व कलिंग तीनों क्षेत्रों में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। उनके इस बयान से यह तो आप समझ ही गए होंगे की बंग का मतलब बंगाल यानी पश्चिम बंगाल है। भाजपा को इस बार पूरा विश्वास है कि इस बार वह पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की AITC को हराकर सत्ता में आ जाएगी।

क्या अंग में भाजपा की सरकार है?

अंग प्रदेश बहुत से लोगों ने शायद महाभारत में सुना होगा। दुर्योधन ने अपने मित्र कर्ण को अंग प्रदेश का ही राजा बनाया था। इस क्षेत्र में बोली जाने वाली भाषा अंगिका कहा जाता है। प्राचीन भारतीय राज्य अंग प्रदेश 16 महाजनपदों में से एक था और यह भारतीय उप-महाद्वीप के पूर्वी हिस्से में मौजूद था। आज के लिहाज से बात करें तो इसमें बिहार के भागलपुर और मुंगेर के साथ ही झारखंड और पश्चिम बंगाल के भी कुछ हिस्से आते हैं। इस लिहाज से कहा जाए तो हां, अंग प्रदेश में भाजपा की सरकार है, क्योंकि बिहार में NDA की सरकार है और भाजपा के सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री हैं। हालांकि, अंग प्रदेश का कुछ हिस्सा मौजूदा झारखंड में भी था और वहां भाजपा सरकार नहीं है।

later vedic period.

अमित शाह ने इन अंग, बंग और कलिंग की बात की

कलिंग में भाजपा की स्थिति कैसी है?

कलिंग की जब भी बात होती है तो महान सम्राट अशोक की याद आना लाजिमी है। ईसा से 261 साल पहले मौर्य साम्राज्य के इस महान राजा ने कलिंग युद्ध में जीत दर्ज की थी। लेकिन यहां हुए रक्तपात के बाद अहिंसा का मार्ग और बौद्ध धर्म अपना लिया था। आज के लिहाज से बात करें तो कलिंग का क्षेत्र मौजूदा ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्यों का हिस्सा है। इनमें से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भाजपा सत्ता में है, जबकि आंध्र प्रदेश में NDA की उसकी अहम सहयोगी तेलगू देसम पार्टी की सरकार है।

आज जब अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की धरती से अंग बंग और कलिंग की बात कही तो उनका सीधा मतलब बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से था। बिहार और ओडिशा में तो भाजपा पहले से ही सत्ता में है, जबकि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए बंपर मतदान से पार्टी गदगद है। पार्टी को लग रहा है कि इस बार वह बंगाल की सत्ता पर काबिज हो जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!