Karan Johar on Koffee With Karan 9: कॉफी विद करण (Koffee With Karan) ने साल 2004 में पहली बार दर्शकों के बीच दस्तक दी थी। दो दशक से ज्यादा समय तक इस शो ने बॉलीवुड के बड़े सितारों को एक ही सोफे पर बैठाकर उनकी जिंदगी, रिश्तों, करियर और विवादों से जुड़ी कई बातें सामने रखीं। इस दौरान कई मेहमान दोस्तों के साथ आए और कुछ के रिश्ते बदल गए। कई लोगों की प्रेम कहानी शुरू हुई, कुछ रिश्ते खत्म हुए और कई सितारे शादी के बंधन में भी बंधे। शो की बातचीत कई बार सुर्खियों, मीम्स और चर्चाओं का हिस्सा बनी। अब करण जौहर (Karan Johar) ने इस सफर को खत्म करने का फैसला किया है।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:‘कॉफी विद करण 9’ में साथ आएंगी Alia Bhatt-Shaheen Bhatt, बहनों की जोड़ी खोलेगी जिंदगी के कई राज
इमोशनल हुए करण जौहर
करण जौहर आखिरी बार अपना कॉफी मग उठाने जा रहे हैं और इस सफर को खत्म करने का फैसला कर चुके हैं। एक भावुक ऐलान में करण ने इस सफर को याद किया, जो खुद शो की तरह ही कभी भी कुछ भी मोड़ ले सकता था, बेबाक था और कभी न भूलने वाला रहा। उन्होंने कॉफी विद करण से जुड़े विवादों, अटकलों, ट्रोलिंग और बातचीत को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने उस प्यार को भी माना, जिसकी वजह से दर्शक हर साल बार-बार इस शो के सोफे तक लौटते रहे। आखिरी सीजन को लेकर करण जौहर ने कहा, 'कुछ सफर ऐसे होते हैं, जिन्हें खत्म करने का आप कभी प्लान नहीं बनाते। बस कहीं अंदर से आपको पता चल जाता है कि अब उन्हें जाने देने का वक्त आ गया है। कॉफी विद करण मेरी जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। इसने मुझे दोस्ती, यादें, पागलपन से भरे पल, बहुत सारा प्यार और हां, अपने हिस्से के विवाद भी दिए हैं। लेकिन इन सबके बीच जो चीज हमेशा बनी रही, वो था दर्शकों का साथ। उन्होंने हमारे साथ हंसा, हमसे बहस की, हमें ट्रोल किया, हमारा जश्न मनाया और सबसे जरूरी बात, एक और कप के लिए वापस आते रहे। अलविदा कहना भावुक है, लेकिन अब ये सही भी लगता है। ये आखिरी सीजन मेरा तरीका है कि मैं उन सभी लोगों के साथ आखिरी बार कॉफी मग उठाऊं, जिन्होंने कॉफी विद करण को वो बनाया जो आज यह है। तो आइए, मेरे साथ कॉफी का एक आखिरी कप पीजिए। आखिरी बार।'
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Rise And Fall 2: शहजाद पूनावाला को जमीन पर घसीटकर सिवेत तोमर ने मारा पंच, झगड़े में फटा कुर्ता
आलोक जैन ने दिया ये बयान
जियोस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज) के प्रमुख आलोक जैन (Alok Jain) ने कहा, 'कॉफी विद करण वो चैट शो है, जिसने सबसे बड़े सेलिब्रिटीज को दर्शकों के घरों तक पहुंचाया और ऐसा फैन बेस बनाया, जिसकी बराबरी बहुत कम शो कर पाए हैं। दो दशक से भी ज्यादा समय तक इस शो ने दर्शकों को उन लोगों की जिंदगी की एक निजी, बेबाक और अक्सर ऐसी झलक दिखाई, जिसकी उन्होंने उम्मीद नहीं की थी, जिन्हें वे देखना पसंद करते हैं। इस तरह ये पॉप कल्चर का हिस्सा बन गया। जब करण आखिरी बार कॉफी मग उठाएंगे, तो हम ऐसे शो की शानदार विरासत का जश्न मनाएंगे, जिसने लगातार बेहतरीन कंटेंट दिया और दर्शकों के साथ एक लंबा रिश्ता बनाया।'
14 अक्टूबर से शुरू होगा आखिरी सीजन
कॉफी विद करण सीजन 9 (Koffee With Karan Season 9) का प्रीमियर 14 अक्टूबर 2026 को जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर होगा। शो के आइकॉनिक रैपिड-फायर राउंड, कॉफी हैम्पर्स और सितारों के साथ होने वाली बेबाक बातचीत ने इसे लंबे समय तक दर्शकों के बीच खास बनाए रखा। जियोस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन ने भी शो की विरासत और दर्शकों के साथ इसके लंबे जुड़ाव को याद किया। अब इस मशहूर चैट शो का सिर्फ एक सीजन बाकी है और करण जौहर आखिरी बार कॉफी मग उठाकर दर्शकों के सामने नजर आएंगे।
