बिजनेस

बच्चे के नाम पर जमा करना चाहते हैं ₹30 लाख, LIC की इन 3 स्कीम में शुरू करें निवेश

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), बच्चों के नाम निवेश करने के लिए तीन बचत योजनाएं LIC अमृतबाल, जीवन तरुण और न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक प्लान पेश करता है।

Image

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC)

अगर आप अपने बच्चे के हायर एजुकेशन या शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए निवेश करना चाहते हैं तो आप भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की चाइल्ड स्कीम में निवेश शुरू कर सकते हैं। बच्चों के लिए LIC के पास अमृतबाल, जीवन तरुण और न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक प्लान जैसे विकल्प हैं। इन योजनाओं में निवेश का तरीका, पैसा मिलने का समय और मैच्योरिटी के लाभ अलग-अलग हैं। आइए आपको बताते हैं कि 30 लाख रुपये आप इन योजनाओं में निवेश कर कैसे जमा कर सकते हैं।

1. LIC की अमृतबाल स्कीम

LIC की अमृतबाल योजना बच्चों के भविष्य के लिए लंबी अवधि में फंड तैयार करने के उद्देश्य से बनाई गई है। इसमें पॉलिसी के दौरान गारंटीड एडिशन जुड़ते रहते हैं, जिससे मैच्योरिटी के समय मिलने वाली रकम बढ़ती है। इस योजना के तहत हर पूरे पॉलिसी वर्ष के लिए बेसिक सम एश्योर्ड के प्रत्येक 1,000 रुपये पर 80 रुपये का गारंटीड एडिशन मिलता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी पॉलिसी की बेसिक सम एश्योर्ड 10 लाख रुपये है, तो हर पूरे पॉलिसी वर्ष के लिए 80,000 रुपये का गारंटीड एडिशन जुड़ सकता है।

इस योजना की प्रमुख विशेषताएं:

  • 30 दिन से लेकर 13 साल तक की उम्र के बच्चों के लिए उपलब्ध।
  • मैच्योरिटी की उम्र 18 से 25 साल के बीच चुनी जा सकती है।
  • हर पूरे पॉलिसी वर्ष के लिए गारंटीड एडिशन का लाभ। मैच्योरिटी पर बेसिक सम एश्योर्ड और जमा हुए गारंटीड एडिशन के आधार पर भुगतान होता है। इस योजना में जितनी लंबी अवधि तक पॉलिसी जारी रहेगी, उतने अधिक गारंटीड एडिशन जमा हो सकते हैं।

2. LIC की जीवन तरुण स्कीम

LIC जीवन तरुण उन माता-पिता के लिए एक विकल्प है जो बच्चे की पढ़ाई और अन्य जरूरतों के लिए एक निश्चित उम्र से नियमित भुगतान चाहते हैं। यह पार्टिसिपेटिंग और नॉन-लिंक्ड जीवन बीमा बचत योजना है। इसमें माता-पिता को सर्वाइवल बेनिफिट के चार विकल्प मिलते हैं। इनके जरिए वे तय कर सकते हैं कि बच्चे को 20 से 24 साल की उम्र के बीच कितनी रकम मिलनी चाहिए।

इसके चार विकल्प इस प्रकार हैं:

विकल्प 1: कोई सर्वाइवल बेनिफिट नहीं। पूरी बेसिक सम एश्योर्ड मैच्योरिटी पर।

विकल्प 2: हर साल बेसिक सम एश्योर्ड का 5 फीसदी भुगतान। शेष 75 फीसदी मैच्योरिटी पर।

विकल्प 3: हर साल 10 फीसदी भुगतान। शेष 50 फीसदी मैच्योरिटी पर।

विकल्प 4: हर साल 15 फीसदी भुगतान। शेष 25 फीसदी मैच्योरिटी पर।

मैच्योरिटी की उम्र 25 साल निर्धारित होती है। पॉलिसी की शर्तों के अनुसार लागू होने वाले बोनस का लाभ भी मिल सकता है। इसका फायदा यह है कि बच्चे की कॉलेज शिक्षा, प्रोफेशनल कोर्स या अन्य बड़े खर्चों के लिए एकमुश्त मैच्योरिटी तक इंतजार नहीं करना पड़ता। हालांकि, किस विकल्प में कुल कितना पैसा मिलेगा, यह चुनी गई बीमित राशि और पॉलिसी के लाभों पर निर्भर करेगा।

3. LIC की न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक स्कीम

अगर आप चाहते हैं कि बच्चे को एकमुश्त रकम मिलने के बजाय अलग-अलग उम्र में आर्थिक मदद मिले, तो LIC का न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक प्लान एक विकल्प हो सकता है। इस योजना का पेआउट इस तरह निर्धारित है कि बच्चे को युवावस्था के महत्वपूर्ण पड़ावों पर रकम मिलती रहे।

इसमें भुगतान का तरीका कुछ ऐसा है:

बच्चे के 18 साल का होने पर बेसिक सम एश्योर्ड का 20 फीसदी।

20 साल की उम्र में फिर से 20 फीसदी।

22 साल की उम्र में एक और 20 फीसदी।

25 साल की उम्र में बची हुई 40 फीसदी रकम और लागू बोनस।

इस तरह बच्चे को 18 से 22 साल की उम्र के बीच तीन बार भुगतान मिलता है। इसका इस्तेमाल उच्च शिक्षा, कॉलेज की फीस, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी या अन्य जरूरतों के लिए किया जा सकता है। 25 साल की उम्र में बाकी मैच्योरिटी बेनिफिट मिलता है।

कौन-सी स्कीम आपके लिए बेहतर?

तीनों योजनाओं का उद्देश्य बच्चे के भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा और बचत तैयार करना है, लेकिन इनके भुगतान का तरीका अलग-अलग है।

LIC अमृतबाल: अगर आप लंबी अवधि में गारंटीड एडिशन के जरिए फंड बनाना चाहते हैं।

LIC जीवन तरुण: अगर आप 20 से 24 साल की उम्र के बीच अलग-अलग पेआउट विकल्प चाहते हैं।

LIC न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक: अगर आप 18, 20 और 22 साल की उम्र में चरणबद्ध तरीके से पैसा पाना चाहते हैं।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article