Vaishali Takkar Suicide : ये रिश्ता क्या कहलाता है फेम एक्ट्रेस वैशाली ठक्कर (vaishali takkar) ने 16 अक्टूबर को अपने घर में फांसी लगाकर आत्माहत्या (Suicide) कर ली थी। एक्ट्रेस केवल 29 साल की थीं। उनके आत्महत्या की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया। पुलिस को वैशाली के घर से सुसाइड नोट भी मिला है। एक्ट्रेस ने अपने सुसाइड नोट में अपने पड़ोसी और एक्स बॉयफ्रेंड राहुल नवलानी (Rahul Navlani) और पत्नी दिशा नवलानी (Disha Navlani) पर परेशान करने का आरोप लगाया है। इस वजह से वैशाली काफी परेशान थी। इस मामले में वैशाली की मां और भाई ने भी कई खुलासे किए हैं। अब वैशाली के को- एक्टर निशांत मलखानी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। निशांत ने रक्षाबंधन शो में वैशाली के पति का किरदार निभाया था। उन्होंने बताया कि उन्हें वैशाली और राहुल से जुड़ा पूरा मामला पता है।
निशांत ने खुलासा किया कि वैशाली अपनी शादी की खबर से काफी खुश थी। उसने मुझे अपने मंगेतर की फोटो दिखाई थीं। उन्होंने कहा, 'मैं वैशाली के आत्महत्या की खबर से शॉक में हूं। वो मेरी अच्छी दोस्त थी। इस खबर को सुनने के बाद मैं सदमे में था, मुझे इस बात पर यकीन नहीं हो रहा था। उसने मुझे हफ्ते भर पहले अपने मंगेतर की फोटो दिखाई थी। वैशाली ने कहा था कि मैं इस फोटो को कही भी शेयर न करूं। वो खुद सबको बताना चाहती हैं। वो अपनी शादी से बहुत खुश थी। नवंबर महीने में उसकी शादी होने वाली थी। वैशाली और मैंने उसकी शादी के लिए कई प्लान्स बनाएं थे। लेकिन इस खबर से मैं पूरी तरह से टूट चुका हूं'।
वैशाली को न्याय दिलाना चाहते हैं निशांत
राहुल के बारे में बात करते हुए निशांत ने कहा, मैं इस शख्स राहुल के बारे में सबकुछ जानता हूं। मुझे सभी चीजें गहराई से पता थी। वो मुझे हर बात शेयर करती थीं और ये मेरा कर्तव्य था कि मैं उसकी बात को लीक न करूं। वो खुद इन चीजों से लड़ना चाहती थी। लेकिन अब मुझे पता चला है कि वैशाली ने इस शख्स की वजह से ऐसा कदम उठाया। मैं अपनी दोस्त के लिए लड़ूंगा। मैं अपने दोस्त को न्याय दिलवाने के लिए हर संभव कोशिश करूंगा। अगर कोई मुझसे इस मामले में जांच से जुड़ी कोई मदद मांगता है तो मैं बिल्कुल करूंगा। पुलिस वैशाली के सुसाइड मामले में जांच कर रही है। पुलिस ने राहुल नवलानी और दिशा नवलानी के खिलाफ धारा आईपीसी 306 के तहत केस दर्ज किया है।
