Dilip Joshi Open Up On Rumors Of Quitting Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: टीवी के धमाकेदार शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' ने छोटे पर्दे पर धूम मचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की कहानी के साथ-साथ इसका हर एक किरदार दर्शकों के दिलों-दिमाग में बसता है। कुछ वक्त पहले शो को लेकर खबरें आ रही थीं कि दिलीप जोशी (Dilip Joshi) ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को अलविदा कह दिया है। वह अचानक शो से गायब हो गए थे, जिससे जेठालाल के फैंस भी हैरान रह गए थे। लेकिन बाद में ये साफ हो गया कि दिलीप जोशी ने 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को अलविदा नहीं कहा था। वहीं अब उन्होंने शो से गायब होने पर चुप्पी भी तोड़ी है।
दिलीप जोशी (Dilip Joshi) ने टेली चक्कर संग बातचीत के दौरान 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में न दिखने की वजह जाहिर की। उन्होंने कहा, "मैं कुछ दिनों के लिए शहर से बाहर था और इसी का परिणाम था कि मैं कुछ एपिसोड्स में नजर नहीं आया। इसलिए ही लोगों ने मेरी एग्जिट की अटकलें लगानी शुरू कर दीं। मुझे नहीं पता कि ऐसी खबरें सोशल मीडिया पर क्यों फैल जाती हैं। जैसा कि कहा था, मैं सेट पर वापिस आ चुका हूं और शो के लिए शूट कर रहा हूं। मैं इसी का हिस्सा बना रहूंगा, जब तक ये शो ऑन एयर रहता है।"
दिलीप जोशी (Dilip Joshi) ने अपने बयान से ये साफ कर दिया है कि जब तक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' टीवी पर प्रसारित हो रहा है, तब तक वह कहीं नहीं जाने वाले। बता दें कि दिलीप जोशी के साथ-साथ मुनमुन दत्ता के भी शो को छोड़ने की अटकलें लगी थीं। लेकिन उन्होंने भी पोस्ट साझा कर इन अटकलों से पर्दा उठा दिया।
