Shweta Tiwari On Doing 72 Hours Shift For Ekta Kapoor Show: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने अपनी एक्टिंग और अंदाज से सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। श्वेता तिवारी ने 'कसौटी जिंदगी की' की प्रेरणा बनकर टीवी की दुनिया में जबरदस्त पहचान कायम की। श्वेता तिवारी ने इसके बाद भले ही कई सीरियल्स में हाथ आजमाया। लेकिन आज भी उन्हें टीवी की प्रेरणा के नाम से ही जाना जाता है। हालांकि श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari) को ये पहचान यूं ही नहीं मिली, बल्कि इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत भी की थी। श्वेता तिवारी ने हाल ही में भारती टीवी संग हुए पॉडकास्ट में बताया कि उन्होंने 72 घंटे की शिफ्ट की थी। एक्ट्रेस ने अपने साथ-साथ एकता कपूर की मेहनत का भी राज खोला।
श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari) ने पॉडकास्ट में अपनी शिफ्ट के बारे में बात करते हुए कहा, "हम लोग पूरी इंडस्ट्री में मशहूर हैं कि कोई सोता नहीं था। मैं 72 घंटे का शूट करती थी। 30 दिन का महीना होता है, मुझे 45 दिन का चेक मिलता था। सुबह 7 बजे से शाम के 7 बजे तक एक होता था, शाम के 7 बजे से अगले दिन सुबह 7 बजे तक दो होते थे।" श्वेता तिवारी ने पॉडकास्ट में एकता कपूर को भी उनकी मेहनत के लिए खूब सराहा। एक्ट्रेस ने कहा, "वो सिर्फ हम एक्टर्स नहीं करते थे, एकता भी करती थी। एकता सोती नहीं थी। उसके पास 22 शोज थे। जब भी एकता को फोन करो, वो एक रिंग में उठाती थी। वो पूरा बता देती थी और एक बार एकता ने एक्सप्लेन कर दिया तो आप कहीं गलत नहीं जा सकते। जब भी वो लाइन बोलती थी तो ऐसा लगता था कि आपसे बेहतर बोल रही है।"
श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari) यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने एकता कपूर की सराहना करते हुए कहा, "उस वक्त वो दर्शकों को इंप्रेस करने के लिए शो नहीं बनाती थी। वो अपने आपको खुश रखने के लिए बनाती थी। अपनी रचनात्मकता के लिए शो बनाती थी। अब बस टीआरपी है, जो लोग देखें वो बनाओ।"
