Ankit Gupta Break Silence On Getting Married With Priyanka Chahar Choudhary: टीवी की चर्चित जोड़ी प्रियंका चाहर चौधरी और अंकित गुप्ता (Ankit Gupta) अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। 'उडारियां' के दौरान दोनों की केमिस्ट्री ने लाखों लोगों का दिल जीता था। वहीं 'बिग बॉस 16' में भी प्रियंका चाहर चौधरी (Priyanka Chahar Choudhary) और अंकित गुप्ता का साथ खूब पसंद किया गया था। यूं तो प्रियंका और अंकित अक्सर एक-दूजे को दोस्त बताते हैं, लेकिन हाल ही में दिये इंटरव्यू में 'जुनूनियत' एक्टर ने जाहिर किया कि वह प्रियंका चाहर चौधरी संग शादी के लिए तैयार हैं।
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में अंकित गुप्ता (Ankit Gupta) से शादी के सिलसिले में पूछा गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "शादी के बारे में सोचा नहीं है। मैं सोचता हूं कि जो चीज हमारे लिए बनी है वो हमारे पास आएगी। हम (प्रियंका और अंकित) बहुत अच्छे दोस्त हैं। हम दोनों बेस्ट फ्रेंड हैं और एक-दूसरे के साथ काफी सहज हैं। अगर शादी होनी होगी तो हो जाएगी। अगर ऐसा होता है तो ये हमारे लिए बहुत अच्छा होगा। जब आप अपने बेस्ट फ्रेंड के साथ रिश्ते आगे बढ़ाते हो तो इससे अच्छा क्या ही हो सकता है। आप उस इंसान को अच्छे से जानते हो।"
बता दें कि प्रियंका चाहर चौधरी (Priyanka Chahar Choudhary) से भी अंकित गुप्ता (Ankit Gupta) को डेट करने के बारे में कई बार सवाल-जवाब हो चुके हैं, लेकिन हर बार एक्ट्रेस खुद को अंकित का अच्छा दोस्त ही बताती हैं। 'बिग बॉस 16' के बाद दोनों म्यूजिक वीडियो 'कुछ इतने हसीन' में भी दिखे थे, जो सोशल मीडिया पर खूब हिट हुआ था। वहीं 'उडारियां' में दोनों की जोड़ी को आज तक खूब याद किया जाता है।
