देश

उत्तराखंड में भारतीय रेलवे को मिली बड़ी कामयाबी, टनल-14 की खुदाई हुई आर-पार, चारधाम यात्रा होगी आसान

Tunnel 14 Breakthrough: टनल-14 की कुल लंबाई 6.59 KM है, जिसमें पोर्टल-1 (सुमेरपुर) की ओर से 4.7 KM और पोर्टल-2 (मरोड़ा) की ओर से 1.79 KM खुदाई की गई थी। दोनों तरफ से हो रही खुदाई के मिलने के साथ ही यह टनल आर-पार हो गई है।

Image

ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट (फोटो साभार- pib)

Tunnel 14 Breakthrough: उत्तराखंड में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में भारतीय रेलवे को बड़ी सफलता मिली है। रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी टनल-14 का मेन टनल ब्रेकथ्रू हासिल कर लिया गया है। इस ब्रेकथ्रू से टनल के दोनों छोर से की गई खुदाई आपस में जुड़ गई है। टनल-14 की कुल लंबाई 6.59 KM है, जिसमें पोर्टल-1 (सुमेरपुर) की ओर से 4.7 KM और पोर्टल-2 (मरोड़ा) की ओर से 1.79 KM खुदाई की गई थी। दोनों तरफ से हो रही खुदाई के मिलने के साथ ही यह टनल आर-पार हो गई है। यह ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट के लिए एक अहम मील का पत्थर माना जा रहा है।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन में 6.59 KM टनल का ब्रेकथ्रू

पोर्टल-1 (T14P1) पर काम सबसे चुनौतीपूर्ण था। यहां आबादी वाले इलाके के नीचे ढीली मिट्टी में 110 मीटर लंबे ट्रिपल-ट्रैक टनल की खुदाई की गई। ऊपर सिर्फ 20-30 मीटर मिट्टी और चट्टान थी। ऐसे में सुरक्षित खुदाई के लिए प्री-एक्सकेवेशन और मल्टी-ड्रिफ्टिंग जैसी विशेष तकनीकों का इस्तेमाल किया गया।

टनल-14 में आर-पार हुई खुदाई

वहीं पोर्टल-2 (T14P2) पर ढलान को सुरक्षित करने के लिए 30-35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल, 15-20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग का इस्तेमाल किया गया। मरोड़ा में जमीन धंसने की समस्या और जमीन-मकान अधिग्रहण से जुड़े मामलों के सुलझने के बाद मार्च 2024 में यहां से मुख्य टनल की खुदाई शुरू हो सकी थी।

पोर्टल-2 पर करीब 100 मीटर मैकेनिकल खुदाई की गई। आसपास की बस्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों पोर्टल के पास नियंत्रित ब्लास्टिंग सिर्फ दिन के समय ही की गई। पोर्टल-1 से 4.7 KM लंबी खुदाई के दौरान टनल के अंदर ताजी हवा की सप्लाई और तापमान को नियंत्रित रखने के लिए विशेष वेंटिलेशन सिस्टम भी लगाया गया।

चारधाम के श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी सुधारने की एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूरा होने से पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इस प्रोजेक्ट से बद्रीनाथ, केदारनाथ समेत चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टनल-14 का ब्रेकथ्रू प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article