64 Resort Villa Case: 64 रिजॉर्ट विला और कॉटेज की रियायती दरों पर कथित खरीद से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में राजस्थान के वरिष्ठ IAS अधिकारी शिखर अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए अंतरिम राहत देने से साफ इनकार कर दिया और मामला वापस राजस्थान हाईकोर्ट के पास भेज दिया। जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश में सिर्फ जवाब दाखिल करने का निर्देश है, इसलिए इस स्तर पर SLP पर सुनवाई करने का कोई औचित्य नहीं है। कोर्ट ने कहा कि शिखर अग्रवाल हाईकोर्ट में अपनी सभी दलीलें और अंतरिम राहत की मांग रख सकते हैं।
राजस्थान के IAS शिखर अग्रवाल को बड़ा झटका
सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि वह अंतरिम राहत समेत सभी प्रार्थनाओं पर जल्द विचार करे। कोर्ट ने दोनों पक्षों को यह भी हिदायत दी कि वे अनावश्यक तारीखें लेकर अदालत को परेशान न करें। यह मामला 64 रिजॉर्ट विला और कॉटेज को रियायती दरों पर खरीदने के आरोपों से जुड़ा है। आरोप है कि इस सौदे में पद का इस्तेमाल कर अनुचित लाभ लिया गया और नियमों की अनदेखी की गई। इसी को लेकर जांच और कानूनी कार्यवाही चल रही है।
IAS शिखर अग्रवाल ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की थी SLP
शिखर अग्रवाल ने इस कार्यवाही के खिलाफ पहले राजस्थान हाईकोर्ट का रुख किया था। वहां से अपेक्षित राहत न मिलने पर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दायर की थी। उन्हें उम्मीद थी कि सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिल जाएगी, लेकिन कोर्ट ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला प्रक्रिया के हिसाब से सही है। जब हाईकोर्ट में मामला लंबित हो और अभी सिर्फ जवाब दाखिल करने का चरण हो, तो सुप्रीम कोर्ट आमतौर पर सीधे दखल नहीं देता। कोर्ट ने भी यही सिद्धांत अपनाया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- KGMU में रैगिंग पर बड़ा एक्शन, 38 MBBS छात्र सस्पेंड
राजस्थान हाईकोर्ट में होगी अगली सुनवाई
अब इस मामले में अगली सुनवाई राजस्थान हाईकोर्ट में होगी। वहां शिखर अग्रवाल अपनी ओर से पूरी दलीलें रख सकेंगे। हाईकोर्ट को यह तय करना होगा कि उन्हें अंतरिम राहत दी जाए या नहीं। राजस्थान के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में इस मामले को लेकर काफी चर्चा है। शिखर अग्रवाल राजस्थान कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं और कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। इसलिए इस मामले पर सबकी नजर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि हाईकोर्ट की जल्द सुनवाई में उन्हें कोई राहत मिलती है या मामला आगे बढ़ता है।
