बॉलीवुड

Maatrubhumi: धनंजय सिंह की लैंड क्रूजर में लखनऊ पहुंचे Salman Khan, एक झलक पाने के लिए छतों पर चढ़े फैंस

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 28, 2026, 10:28 AM IST

Salman Khan Maatrubhumi Promotion Lucknow:सलमान खान की एक झलक पाने के लिए लखनऊ में ऐसा हुजूम उमड़ा कि यूनिवर्सिटी परिसर छोटा पड़ गया। कोई छत पर चढ़ा तो कोई घंटों इंतजार करता नजर आया।

Image

सलमान खान की एक झलक के लिए बेकाबू हुए फैंस, लखनऊ यूनिवर्सिटी में मची हलचल; पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा (Image Source: Zoom Instagram)

Salman Khan Maatrubhumi Promotion Lucknow: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) जहां भी पहुंचते हैं, उनके चाहने वालों का उत्साह देखते ही बनता है। उनकी एक झलक पाने के लिए फैंस किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं। ऐसा ही नजारा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देखने को मिला। सलमान खान अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' (Maatrubhumi: May War Rest In Peace) के प्रमोशन के सिलसिले में एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह (Chitrangda Singh) के साथ लखनऊ पहुंचे थे। दोनों कलाकार लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित दैनिक जागरण संवादी के कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके आने की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में हलचल तेज हो गई। देखते ही देखते वहां इतनी भीड़ जमा हो गई कि पुलिस को लोगों को संभालने के लिए मोर्चा संभालना पड़ा।

छतों पर चढ़े फैंस

सलमान खान को देखने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, सभागार के बाहर करीब 300 मीटर तक लोगों की भीड़ लगी थी। कई छात्र अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने के लिए आसपास की इमारतों और छतों पर चढ़ गए। किसी के हाथ में मोबाइल था तो कोई कैमरे से इस पल को रिकॉर्ड करने में जुटा था। सलमान खान की एंट्री ने पूरे लखनऊ में हलचल मचा दी।

धनंजय सिंह की लैंड क्रूजर में पहुंचे सलमान खान

लखनऊ दौरे के दौरान सलमान खान की गाड़ी भी चर्चा का विषय बन गई। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान पूर्व सांसद धनंजय सिंह की लैंड क्रूजर (Land Cruiser) से कार्यक्रम में पहुंचे थे। उनकी इस गाड़ी का वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। आपको बता दें कि सलमान खान और चित्रांगदा सिंह अपनी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे थे। अपूर्व लाखिया (Apoorva Lakhia) के निर्देशन में बनी फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article