Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र में केंद्र की मोदी सरकार परिसीमन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसको लेकर राजनीतिक दलों के बीच बहस तेज हो गई। ग्रैंड ओल्ड पार्टी कांग्रेस ने परिसीमन को लेकर अपना स्टैंड साफ कर दिया है कि वह संसद में इसका विरोध करेगी। इस बीच, कांग्रेस नेता सुशीलकुमार शिंदे ने परिसीमन को लेकर अपनी व्यक्तिगत राय दी। उन्होंने कहा कि परिसीमन होना आवश्यक है। काफी समय बीत चुका है और बढ़ती आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है।
'जनगणना के बाद हो परिसीमन प्रक्रिया'
उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जनसंख्या बढ़ती है, वैसे-वैसे जनप्रतिनिधित्व भी बढ़ना चाहिए। डिलिमिटेशन की प्रक्रिया को काफी समय हो चुका है और जनसंख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन जरूरी है। हालांकि, उन्होंने जोर दिया कि यह प्रक्रिया जनगणना के बाद ही होनी चाहिए, जो उनकी पार्टी का भी रुख है।
उन्होंने कहा कि यदि यह प्रक्रिया करनी ही है, तो जरूर कीजिए, लेकिन सभी राजनीतिक दलों की सहमति से यह प्रक्रिया पूरी होती तो बेहतर होता।
'BJP के मन में क्या चल रहा'
द्रविड़ क्षेत्र के विभाजन को लेकर चल रही चर्चाओं पर बोलते हुए शिंदे ने कहा कि भाजपा के मन में क्या चल रहा है, यह समझ से परे है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह का विभाजन होने से संविधान सभा में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा रखे गए विचारों को खतरा पहुंच सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी NCP(SP), शरद पवार से मुलाकात के बाद जितेंद्र आव्हाड का बड़ा ऐलान
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर शिंदे ने कहा कि उनका और मेरा राजनीतिक दल अलग-अलग है, इसलिए मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।
परिसीमन के समर्थन में NCP
सनद रहे कि शरद पवार की पार्टी परिसीमन बिल को लेकर मोदी सरकार का समर्थन करेगी। मुंब्रा-कलवा सीट से विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को शरद पवार के साथ मुलाकात के बाद इसकी पुष्टि की थी।
