TV Stars Reaction On Pahalgam Terrorist Attack: जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। पहलगाम में बीते दिन आतंकवादियों ने पर्यटकों को अपना निशाना बनाया। हमले में मरने वालों की संख्या करीब 27 बताई जा रही है, वहीं 12 लोगों के घायल होने की खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हमले में दो विदेशी पर्यटकों की भी मौत हुई है। पहलगाम (Pahalgam) में हुए आतंकी हमले को लेकर टीवी स्टार्स ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस हमले की कड़ी निंदा की है। देवोलीना भट्टाचार्जी से लेकर एल्विश यादव और हिना खान की पोस्ट इस सिलसिले में सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है।

देवोलीना भट्टाचार्जी ने पहलगाम (Pahalgam) में हुए आतंकी हमले में हिंदुओं को निशाना बनाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मशहूर पत्रकार राणा अय्यूब के ट्वीट पर जवाब देते हुए अपने ट्वीट में लिखा, "मैं आपको सही करती हूं। पाक के नेतृत्व वाले आंतकवादियों ने कश्मीर में मासूम हिंदू पर्यटकों पर कायरता भरा हमला किया है। उन्होंने हर एक की पहचान हिंदू के रूप में की और उनकी हत्या कर दी।" टीवी एक्ट्रेस हिना खान ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर लिखा, "पहलगाम... क्यों क्यों क्यों?"

एल्विश यादव ने पहलगाम (Pahalgam) में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले को लेकर ट्वीट किया और लिखा, "जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से मैं शोक में हूं। उन लोगों और परिवार को मेरी सांत्वनाएं, जिनपर इस हमले का असर पड़ा है।" अली गोनी ने अपने ट्वीट में लिखा, "पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले से मेरा दिल टूट गया है। मासूमों के खिलाफ हुआ ये हमला इस्लाम द्वारा सिखाए गए शांति के पाठ की अवहेलना करता है। मेरी दुआएं पीड़ित और उनके परिवार के साथ हैं। हमें इस बुराई के खिलाफ एक होना पड़ेगा।"
