Smriti Irani Reaction On Sandeep Baswana And Ashlesha Sawant Marriage: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस अश्लेषा सावंत और एक्टर संदीप बसवाना शादी के बंधन में बंध चुके हैं। दोनों ने करीब 23 साल के रिलेशनशिप के बाद शादी रचाई है। अश्लेषा सावंत और संदीप बसवाना ने वृंदावन में प्राइवेट सेरेमनी में सात फेरे लिये, जिसमें परिवार और खास दोस्त ही शामिल हुए। संदीप बसवाना (Sandeep Baswana) और अश्लेषा सावंत की शादी पर उन्हें टीवी सितारों से लेकर फैंस भी खूब बधाइयां दे रहे हैं। वहीं अब उनकी शादी को लेकर ऑनस्क्रीन मां स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने पोस्ट शेयर रिएक्शन दिया है। स्मृति ईरानी ने बताया कि वे लोग एक-दूजे के प्यार में दीवाने थे। साथ ही उनका रिश्ता किसी परंपरा के साथ नहीं बल्कि वास्तविकता के साथ शुरू हुआ था।
स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने संदीप बसवाना (Sandeep Baswana) और अश्लेषा सावंत की शादी की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की और लंबा-चौड़ा कैप्शन लिखकर उन्हें बधाइयां दीं। स्मृति ईरानी ने लिखा, "कुछ प्रेम कहानियां बहुत दिलचस्प मोड़ लेती हैं। ये रीति-रिवाज के साथ शुरू नहीं होतीं, बल्कि वास्तविकता के साथ होती हैं। उन्होंने साथ के अलावा किसी चीज का वादा नहीं किया। वे ईमानदारी के अलावा अपने साथ कुछ नहीं लेकर आए और वो भी ये कि प्यार भले ही समय के साथ थोड़ा कम हो जाए, लेकिन दोस्ती नहीं होती। और इस सच के साथ ही एक खूबसूरत सफर की शुरुआत हुई।"
स्मृति ईरानी (Smriti Irani) यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "अश्लेषा और संदीप हमेशा से ही उसी राह पर थे, अलग, अपने आप में ही जबरदस्त। प्यार में दीवाने, साथ में गहराई और मेरे जैसे दोस्त को लगातार परेशान कर रहे थे, क्योंकि हम उनपर शादी का दबाव बना रहे थे। लेकिन अबे ऐसा लगता है कि मेरे जैसी इरीटेटिंग इडियट को वो मिल गया जो मैं चाहती थी। इन्हें प्यार में बंधा देखकर बेहद खुशी हुई।" बता दें कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में संदीप बसवाना और अश्लेषा सावंत ने स्मृति ईरानी के बेटा-बहू की भूमिका अदा की थी।
