Kumkum Bhagya Shraddha Arya Makes Comeback After 5 Months Of Embracing Motherhood: टीवी की मशहूर एक्ट्रेस श्रद्धा आर्या ने 'कुंडली भाग्य' की प्रीता बनकर लोगों का खूब दिल जीता है। श्रद्धा आर्या लंबे वक्त से टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं और उन्होंने कई हिट शोज भी दिये हैं। बीते साल नवंबर में श्रद्धा आर्या मैटरनिटी लीव पर चली गई थीं। उन्होंने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया, जिनका नाम श्रद्धा आर्या ने शौर्य और सिया रखा। लेकिन मां बनने के पांच महीने बाद श्रद्धा आर्या ने टीवी पर धमाकेदार वापसी की है। एक्ट्रेस ने 'कुमकुम भाग्य' में बतौर प्रीता कदम रखा। खास बात तो यह है कि सेट पर उनका भव्य अंदाज में स्वागत भी हुआ। लेकिन काम पर लौटते ही श्रद्धा आर्या को अपने जुड़वा बच्चों की याद सताने लगी।
'कुमकुम भाग्य' के सेट पर श्रद्धा आर्या के स्वागत में उनकी वैनिटी वैन को गुब्बारों से सजाया गया था। सेट पर लौटकर श्रद्धा आर्या ने भी अपनी खुशी मीडिया के सामने जाहिर की। उन्होंने इस सिलसिले में कहा, "मैं बहुत खुश हूं और मुझे कभी भी नहीं लगा कि मैंने शो छोड़ा है। ऐसा लग रहा था कि मैं छोटे से ब्रेक पर हूं और मुझे वापिस लौटना है। मैंने कभी अपने किरदार प्रीता से अलगाव महसूस ही नहीं किया। वो किरदार अभी भी मेरे अंदर है और मुझे लगता है कि जिंदगी भर ये मेरे अंदर ही रहने वाला है। मैं शो में बतौर प्रीता वापिस आकर बेहद खुश हूं।"
श्रद्धा आर्या ने जाहिर किया कि उन्हें सेट पर अपने जुड़वा बच्चों की याद आ रही है। एक्ट्रेस ने इस बारे में कहा, "सेट पर वापिस लौटना तो अच्छा है। लेकिन मैं यहां मेरे बच्चों को याद कर रही हूं। हालांकि इन सबसे अलग ये सेट, ये काम, मेरे आसपास मौजूद लोग, कैमरा, रोल एंड एक्शन यही वो सब हैं जिनसे मैं नाता रखती हूं।"
