शहर

उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खाते में सीधे आएंगे 20 हजार? UP Election से पहले योगी सरकार का बड़ा मास्टरस्ट्रोक

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महिला वोटरों को साधने के लिए भाजपा सरकार उनके बैंक खातों में सीधे 20-20 हजार रुपये भेजने की योजना बना रही है।

Image

चुनाव से पहले महिलाओं के खाते में 20-20 हजार रुपये भेज सकती है योगी सरकार (फाइल फोटो- PTI)

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने महिला मतदाताओं को साधने के लिए एक बड़े चुनावी दांव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार प्रदेश की महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता ट्रांसफर करने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए उत्तर प्रदेश विधानमंडल के आगामी शीतकालीन सत्र में आवश्यक बजट प्रावधान किए जाने की संभावना है।

शीर्ष नेतृत्व की हरी झंडी का इंतजार

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य स्तर पर इस योजना की रूपरेखा पर मंथन जारी है और अब दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है। हाईकमान से हरी झंडी मिलते ही सरकार इस दिशा में औपचारिक निर्णय लेकर इसे अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया तेज कर देगी।

सीधे बैंक में ट्रांसफर होगा पैसा

प्रस्तावित योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 20 हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी। इस बड़ी आर्थिक सहायता योजना को धरातल पर उतारने के लिए विधानमंडल के आगामी शीतकालीन सत्र में अनुपूरक बजट के माध्यम से धनराशि का प्रावधान किया जा सकता है।

बीपीएल परिवार और स्वरोजगार पर फोकस

राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, इस योजना के दायरे में प्रदेश के गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन यापन करने वाले करोड़ों परिवारों की महिलाओं को लाने की तैयारी है, ताकि वे स्वरोजगार या छोटे व्यवसाय से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

योगी सरकार का मास्टरस्ट्रोक

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार जैसे राज्यों में महिलाओं के लिए चलाई गई प्रत्यक्ष नकद सहायता योजनाओं की सफलता के बाद अब भाजपा उत्तर प्रदेश में भी इसी फॉर्मूले को आजमाने जा रही है। प्रदेश की छह करोड़ से अधिक महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिहाज से सरकार के इस संभावित कदम को बेहद निर्णायक माना जा रहा है। हालांकि, योजना की पात्रता शर्तों और अंतिम स्वरूप पर सरकार की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article