Myopia in Children: नेशनल मायोपिया वीक 2026 के मौके पर बच्चों की आंखों की सेहत को लेकर एक बार फिर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। खासतौर पर उन बच्चों के माता-पिता को सतर्क रहने की जरूरत है, जिनके चश्मे का नंबर कुछ ही महीनों में बढ़ जाता है। अगर आपके बच्चे के साथ भी ऐसा हो रहा है, तो इसे उम्र के साथ आंखों में होने वाला सामान्य बदलाव समझकर नजरअंदाज न करें। बार-बार चश्मे का नंबर बढ़ना मायोपिया (नजदीक की नजर कमजोर होना) का संकेत हो सकता है। बचपन में शुरू होने वाली यह समस्या स्कूल जाने की उम्र के दौरान तेजी से बढ़ सकती है और आगे चलकर आंखों का नंबर काफी ज्यादा हो सकता है।
हैदराबाद के पिक्सल आई हॉस्पिटल की डायरेक्टर और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा पूजिता वी के मुताबिक, मायोपिया में बच्चा पास की चीजें तो साफ देख पाता है, लेकिन दूर की चीजें धुंधली नजर आती हैं। ऐसा अक्सर तब होता है, जब बच्चे की आंख सामान्य से ज्यादा लंबी होने लगती है। आंख की लंबाई बढ़ने के साथ चश्मे का नंबर भी बढ़ सकता है।
बच्चों की इन आदतों पर दें ध्यान
कई बार बच्चे खुद यह नहीं समझ पाते कि उनकी नजर कमजोर हो रही है। ऐसे में उनकी कुछ आदतों पर ध्यान देकर इस समस्या का शुरुआती संकेत पहचाना जा सकता है। उदाहरण के लिए, दूर की चीजें देखने के लिए बार-बार आंखें सिकोड़ना, टीवी के बहुत पास बैठना, किताब या मोबाइल को चेहरे के बेहद करीब रखना और क्लास में ब्लैकबोर्ड देखने में परेशानी होना। कुछ बच्चों को बार-बार सिरदर्द की शिकायत भी हो सकती है।
अगर बच्चा अक्सर ऐसी शिकायत करता है या हर बार आंखों की जांच में चश्मे का नंबर बढ़ रहा है, तो उसकी आंखों की जांच कराने में देरी न करें।
सिर्फ चश्मा बदलना काफी नहीं, यह जांच भी जरूरी
डॉक्टर के मुताबिक, नियमित आंखों की जांच से पता लगाया जा सकता है कि बच्चे में मायोपिया कितनी तेजी से बढ़ रहा है। इसके लिए चश्मे के नंबर के साथ आंखों की सेहत की जांच की जाती है। जरूरत पड़ने पर आंख की लंबाई यानी एक्सियल लेंथ (Axial Length) भी मापी जाती है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि आंख की लंबाई में कितना बदलाव हो रहा है।
क्या बढ़ते नंबर को रोका जा सकता है
कुछ बच्चों में मायोपिया की रफ्तार धीमी करने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। इनमें एट्रोपिन आई ड्रॉप्स, खास तरह के मायोपिया-कंट्रोल चश्मे, विशेष कॉन्टैक्ट लेंस और ऑर्थो-केरेटोलॉजी (Ortho-K) शामिल हैं। हालांकि, इनमें से कौन सा तरीका बच्चे के लिए सही रहेगा, यह उसकी उम्र और आंखों की स्थिति के आधार पर नेत्र रोग विशेषज्ञ तय करते हैं।
इसके अलावा, बच्चों को रोजाना कुछ समय आउटडोर गतिविधियों में बिताने के लिए प्रोत्साहित करें। मोबाइल, टैबलेट या किताबों को लगातार लंबे समय तक देखने से बचाएं और बीच-बीच में नियमित ब्रेक लेने की आदत डालें।
माता-पिता इन गलतियों से बचें
बच्चों की आंखों के मामले में खुद से कोई प्रयोग करना ठीक नहीं है। बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप्स शुरू न करें और न ही उनकी मात्रा में बदलाव करें। किसी दूसरे व्यक्ति का चश्मा भी बच्चे को न पहनाएं। अगर बच्चे की नजर अचानक कम होने लगे, आंखों के सामने चमक दिखाई दे या तैरते हुए धब्बे अचानक बढ़ जाएं, तो तुरंत आंखों के डॉक्टर से संपर्क करें।
बच्चों में मायोपिया की समय पर पहचान और नियमित फॉलोअप बेहद जरूरी है। चश्मे का नंबर बार-बार बढ़ना सिर्फ नया चश्मा बनवाने की जरूरत नहीं बताता, बल्कि यह आंखों की सेहत पर ज्यादा ध्यान देने का संकेत भी हो सकता है। इसलिए बच्चे की नजर में होने वाले बदलावों को हल्के में न लें।
