Latur Custodial Death: महाराष्ट्र के लातूर जिले में पुलिस स्टेशन परिसर में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अहमदपुर तालुका के किनगांव पुलिस स्टेशन परिसर में युवक ने कथित तौर पर अपने कपड़े से फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान अमित चव्हाण के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक जांच, सीआईडी (CID) जांच और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में था आरोपी
पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे के मुताबिक, अमित चव्हाण एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में आरोपी था। पुलिस टीम उससे इसी मामले में पूछताछ के लिए अहिल्यानगर से किनगांव पुलिस स्टेशन लेकर आई थी। इसी दौरान पुलिस स्टेशन की इमारत में उसने कथित तौर पर अपने कपड़े से फांसी लगा ली। पुलिस स्टेशन परिसर में हुई इस घटना के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल युवक की मौत के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
परिजनों ने पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग की
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायिक जांच के साथ CID जांच और पुलिस विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। घटना कस्टोडियल डेथ से जुड़ी होने के कारण तय नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, दूसरी ओर युवक की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन किनगांव पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग की। पुलिस अधीक्षक के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव लेने पर सहमति जताई। फिलहाल अमित चव्हाण का शव लातूर के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
