एजुकेशन

'Can You Share Your Offer Letter' एचआर के इस सवाल का कैसे दें जवाब? जानें जरूरी टिप्स और सही तरीका

Interview Question Answer: सैलरी नेगोशिएशन के दौरान एचआर द्वारा अन्य जॉब ऑफर होने पर या वर्तमान कंपनी के ऑफर लेटर मांगे जाने पर उम्मीदवार उलझन में पड़ जाते हैं। आइए आज इसक सवाल का सटीक जवाब कैसे दें जानते हैं।

Image

Can You Share Your Offer Letter सवाल का कैसे दें सही जवाब (Photo - AI/Newsroom Verified)

Interview Question Answer: जॉब इंटरव्यू या सैलरी चर्चा के दौरान कई बार एचआर (HR) या रिक्रूटर यह सवाल पूछते हैं—"Can you share your offer letter?" (क्या आप अपना ऑफर लेटर साझा कर सकते हैं?)। यह प्रश्न सुनते ही कई उम्मीदवारों के मन में उलझन पैदा हो जाती है। एक तरफ वह सहयोगी और पारदर्शी दिखना चाहते हैं, वहीं कंपनी की गोपनीयता नीति और मौजूदा वेतन के आधार पर कम ऑफर मिलने की आशंका भी बनी रहती है। दूसरी तरफ, मन में यह भी सवाल रहता है कि किसी दूसरी जॉब का ऑफर लेटर ऐसे शेयर करना सही रहेगा क्या? इस स्थिति में सही तरीके और आत्मविश्वास के साथ दिया गया जवाब आपकी पेशेवर समझ को दर्शाता है। तो आइए आज इंटरव्यू सीरीज में जानते हैं Can u share your offer letter सवाल का सही और सटीक जवाब कैसे दें।

एचआर यह सवाल क्यों पूछते हैं?

इंटरव्यू के बाद सैलरी नेगोशिएशन के दौरान अक्सर एचआर द्वारा उम्मीदवारों से ऑफर लेटर मांगे जाते हैं, कभी वर्तमान कंपनी का तो कभी अन्य कंपनी द्वारा उम्मीदवार को प्राप्त ऑफर लेटर मांगा जाता है। अगर आपसे भी ऑफर लेटर मांगा गया है तो उसका जवाब देने से पहले आपके लिए इसके पीछे के उद्देश्यों को जानना जरूरी है।

कंपनसेशन ढांचे की समझ - रिक्रूटर यह जानना चाहते हैं कि आपके वर्तमान या प्रस्तावित पैकेज में फिक्स सैलरी, वेरिएबल पे, बोनस, भत्ते या अन्य लाभ किस तरह विभाजित हैं।

बजट और स्तर का आकलन - कंपनियां यह देखना चाहती हैं कि आपकी मौजूदा वेतन स्थिति और पद का स्तर उनके निर्धारित बजट के अनुरूप है या नहीं।

नोटिस पीरियड या शर्तों की जांच - कभी-कभी ज्वाइनिंग टाइम, नोटिस पीरियड या पदनाम से जुड़ी सामान्य जानकारी को समझने के लिए भी यह बात पूछी जाती है।

दूसरे ऑफर लेटर पर सवाल - दूसरी कंपनी के ऑफर लेटर मांगे जाने की वजह यह कंफर्म करना है कि उम्मीदवार सच कह रहा है या नहीं। साथ ही दूसरी कंपनी द्वारा क्या पैकेज ऑफर किया गया है।

सैलरी नेगोशिएशन के दौरान प्राप्त ऑफर लेटर की मांग

कई बार उम्मीदवार एक से अधिक स्थानों पर नौकरी के इंटरव्यू देते हैं। उस दौरान उनके हाथ में कई ऑफर लेटर भी होते हैं। ऐसे में किसी एक मनपसंद की कंपनी को वह अन्य कंपनियों द्वारा प्राप्त पैकेज के बारे में जानकारी देते हैं, ताकि उस कंपनी में उनको और अधिक सैलरी मिले। इस दौरान अक्सर एचआर द्वारा ऑफर लेटर शेयर करने की मांग की जाती है। ऐसे में मन में सवाल कंपनी की गोपनीयता का रहता है। ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए।

अगर आपसे भी एचआर द्वारा अन्य कंपनियों द्वारा दिए गए ऑफर लेटर की मांग की जाती है तो आप विनम्रता से गोपनीयता का हवाला देकर मना कर सकते हैं। इसके अलावा आप संवेदनशील जानकारी को छुपाकर सैलरी पैकेज और सुविधाओं की जानकारी शेयर कर सकते हैं। ताकि आप अपनी सैलरी नेगोशिएशन की बात आगे बढ़ा सकें। क्योंकि कई बार एचआर को लगता है कि उम्मीदवार अधिक सैलरी के लिए झूठ बोल रहे हैं तो ऐसी स्थिति में आप उन्हें संवेदनशील जानकारी छुपाकर बाकी की जानकारी दे सकते हैं।

सवाल का जवाब देने के 3 व्यावहारिक तरीके

जब कंपनी की गोपनीयता नीति साझा करने से रोकती है

"मेरी मौजूदा कंपनी की गोपनीयता नीति के तहत मैं ऑफर लेटर की प्रति साझा नहीं कर सकती, लेकिन मैं अपने वर्तमान सीटीसी, फिक्स और वेरिएबल हिस्से तथा इस नई भूमिका के लिए अपनी अपेक्षित सैलरी रेंज के बारे में स्पष्ट जानकारी दे सकती हूं।"

जब आप दस्तावेज के बजाय अपेक्षा और वैल्यू पर ध्यान केंद्रित करना चाहें

"मैं ऑफर लेटर साझा करने के बजाय अपने वर्तमान कंपनसेशन का मोटा विवरण और इस पद की जिम्मेदारियों व अपने अनुभव के अनुसार अपनी अपेक्षित सैलरी रेंज साझा करना पसंद करूंगी।"

जब आप साझा करने के लिए तैयार हों

"जी, मैं ऑफर लेटर साझा कर सकती हूं, यदि आवश्यक हो तो मैं किसी गोपनीय या गैर-संबंधित विवरण को छिपाकर (redact करके) साझा कर दूंगी।"

उम्मीदवार इन बातों का रखें ध्यान

उम्मीदवारों को सलाह है कि वह अपनी 'टारगेट रेंज' और 'मिनिमम रेंज' पहले से तय रखें। सैलरी से जुड़े किसी भी सवाल से पहले बाजार के रुझान और अपनी जरूरतों के आधार पर एक स्पष्ट वेतन सीमा तैयार रखें, ताकि बातचीत आपकी शर्तों और व्यावहारिकता के संतुलन पर टिकी रहे। सैलरी, वेरिएबल कंपोनेंट, जॉइनिंग बोनस या अन्य सुविधाओं को लेकर जो भी सहमति बने, वह ऑफर लेटर में स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए ताकि बाद में किसी प्रकार का भ्रम न रहे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article