Trump Profit Nvidia : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को Nvidia के शेयरों में आई तूफानी तेजी से एक ही दिन में करीब 140 करोड़ रुपये तक का फायदा होने का अनुमान है। दरअसल, दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग की वापसी के बाद सोमवार, 23 नवंबर को कंपनी के शेयर 31.5% तक उछल गए।
इस तेजी से ट्रंप के पास मौजूद Nvidia शेयरों की वैल्यू में बड़ा इजाफा हुआ। Financial Times (FT) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप की शेयरहोल्डिंग के आधार पर उनकी संपत्ति में 1.3 मिलियन डॉलर से लेकर 15 मिलियन डॉलर तक की बढ़ोतरी हो सकती है।हालांकि, यह ट्रंप का शेयर बेचकर कमाया गया वास्तविक मुनाफा नहीं, बल्कि शेयरों की कीमत बढ़ने से उनकी निवेश संपत्ति की वैल्यू में हुआ संभावित इजाफा है।
ट्रंप के पास Nvidia के 3.70 लाख तक शेयर!
Financial Times की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति के वित्तीय खुलासों में Nvidia में उनकी हिस्सेदारी का जिक्र है। ट्रंप ने US Office of Government Ethics (OGE) के पास 5 नवंबर को अपना नवीनतम वित्तीय खुलासा दाखिल किया था। इसमें 30 सितंबर तक की निवेश संबंधी जानकारी शामिल थी। इन खुलासों में शेयरों की सटीक संख्या के बजाय निवेश की अलग-अलग रेंज दी गई हैं। FT की गणना के मुताबिक, 30 सितंबर तक ट्रंप के पास Nvidia के करीब 32,000 से लेकर 3,70,000 तक शेयर हो सकते थे। अगर उनके पास कम से कम 32,000 शेयर थे, तो सोमवार की तेजी से उनकी निवेश वैल्यू करीब 1.3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 12 करोड़ रुपये बढ़ी होगी। वहीं, अधिकतम 3.70 लाख शेयरों के अनुमान के आधार पर यह फायदा 15 मिलियन डॉलर यानी करीब 140 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
जेनसेन हुआंग की वापसी से 31% उछले Nvidia के शेयर
Nvidia के शेयरों में तेजी की सबसे बड़ी वजह कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग की वापसी रही। हुआंग ने 12 नवंबर को CEO पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हुआंग के इस्तीफे के पीछे उनके निजी संबंधों को लेकर सामने आए विवाद और उनसे जुड़ी जांच की खबरें थीं। इनमें एक महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से संभावित संबंधों को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की चिंता भी शामिल थी। हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने हुआंग की वापसी के लिए कंपनी के बोर्ड पर दबाव बनाया। 23 नवंबर को Nvidia के बोर्ड ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा प्रेसिडेंट और CEO नियुक्त करने का फैसला किया। इस फैसले के बाद निवेशकों का भरोसा लौटा और कंपनी के शेयर एक ही कारोबारी दिन में 31.5% उछल गए।
TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : Stock Market : न्यूयॉर्क से टोक्यो तक Nvidia में जेनसेन की वापसी का जश्न
ट्रंप ने कहा- मैंने बोर्ड को मनाया, मैंने डील की
हुआंग की वापसी में ट्रंप ने अपनी भूमिका सार्वजनिक रूप से स्वीकार की है। सोमवार को CNBC के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्होंने Nvidia के बोर्ड से बात की और उन्हें हुआंग की वापसी के लिए मनाया। ट्रंप ने कहा, "मैंने उनसे बात की, इतना कह सकता हूं। मैंने उन्हें मना लिया... मैंने यह डील की।" Nvidia के बोर्ड ने भी माना कि इस फैसले की प्रक्रिया में उसे अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से इनपुट मिला था। बोर्ड ने कहा कि उसे भरोसा है कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
