Rajan Shahi On TRP Race Between Anupamaa And Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: टीवी पर इन दिनों 'अनुपमा' से लेकर सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' तक ने धमाल मचाया हुआ है। जहां 'अनुपमा' साल 2020 से टीवी पर छाया हुआ है तो वहीं 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' ने 25 साल बाद छोटे पर्दे पर लौटकर सीजन 2 के साथ धूम मचाना शुरू कर दिया है। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के रिलीज से पहले ही 'अनुपमा' संग इसकी तुलना होने लगी। यहां तक कि इसकी टीआरपी में भी रेस लगनी शुरू हो गई। जहां पहले सप्ताह 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' ने नंबर 1 पर जगह बनाई थी तो वहीं बाकी के दो सप्ताह 'अनुपमा' नंबर 1 पर दिखी। दोनों शो के बीच मची टीआरपी की होड़ पर अब राजन शाही (Rajan Shahi) ने चुप्पी तोड़ी है।
राजन शाही (Rajan Shahi) ने टेली टॉक/जूम संग बातचीत के दौरान 'अनुपमा' (Anupamaa) और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के बीच हो रही टीआरपी की रेस पर अपना नजरिया पेश किया। उन्होंने एकता कपूर के लिए भी कई बड़ी बातें कहीं। राजन शाही ने इस बारे में कहा, "मुझे भरोसा है कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' ही वो कारण है, जिसकी वजह से आज कई टीवी शोज अस्तित्व में हैं। तो 'क्योंकि...' यहां था, 'अनुपमा' भी यहां तक आ पहुंचा है। और असल में 'क्योंकि...' एक लेजेंडरी शो है। आप सही मायने में स्मृति जी, एकता जी और 'क्योंकि...' की तुलना बाकी शो से नहीं कर सकते और ये टीआरपी के बारे में तो बिल्कुल नहीं है। 'टीआरपी' सिर्फ छोटी सी एक चीज है और आप रेटिंग्स के आधार पर विरासत और प्रभाव नहीं माप सकते। मुझे याद है कि मैं 7-8 साल पहले एकता जी से बात कर रहा था और मैंने कहा था कि 'क्योंकि...' की सफलता केवल उनकी या बालाजी की ही नहीं बल्कि पूरी इंडस्ट्री का गर्व है।"
राजन शाही (Rajan Shahi) यहीं नहीं रुके। उन्होंने एकता कपूर (Ekta Kapoor) को अपने दोनों शो 'अनुपमा' और 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की टीम की ओर से शुभकामनाएं भी दीं। राजन शाही ने कहा, "वो सच में प्रेरणादायक हैं। मुझे लगता है कि टीआरपी और मीडिया द्वारा लाई गई तुलना हमपर कुछ असर नहीं करती। हम केवल काम पर ध्यान देते हैं। 'बालाजी', एकता जी, स्मृति जी और 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' को सलाम है।"
