Divya Shinde Case: बिग बॉस मराठी (Bigg Boss Marathi) फेम और सोशल मीडिया स्टार दिव्या शिंदे (Divya Shinde) पर पुणे में एक डॉक्टर से कथित तौर पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने और घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगा है। इस मामले में दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ कालेपड़ळ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता डॉ. विद्याधर गायकवाड़ 65 साल के हैं और पुणे कैंटोनमेंट बोर्ड के पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी रह चुके हैं। वो 2021 में पुणे कैंटोनमेंट अस्पताल से CMO पद से रिटायर हुए थे। डॉ. गायकवाड़ के मुताबिक, वो करुणादीप फाउंडेशन से जुड़े हैं। संस्था की ओर से 1 से 3 सितंबर के बीच बालगंधर्व रंगमंदिर में ‘कला आविष्कार महोत्सव’ आयोजित किया गया था। शिकायत के मुताबिक, दिव्या शिंदे की ओर से कार्यक्रम का प्रचार करने का दावा करते हुए अगस्त से फोन और मैसेज के जरिए पांच लाख रुपये मांगे जा रहे थे। डॉक्टर का आरोप है कि दिव्या को कार्यक्रम के लिए संस्था की ओर से कोई आधिकारिक निमंत्रण नहीं दिया गया था और न ही प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Bigg Boss 20: काजी का हुकस्टेप देख अजय देवगन ने ली चुटकी, सलमान खान भी नहीं रोक पाए हंसी
घर पहुंचकर धमकाने और मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 17 सितंबर को दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे और कुछ अन्य लोग डॉ. गायकवाड़ के घर पहुंचे। उस समय डॉक्टर घर पर मौजूद नहीं थे। आरोप है कि उनकी पत्नी और बेटे को धमकाने और उन पर दबाव बनाने की कोशिश की गई। इसके बाद 23 सितंबर को अन्ना ढमढेरे ने फोन कर डॉ. गायकवाड़ को होटल ब्ल्यू नाइन बुलाया। शिकायत के अनुसार, वहां फिर से पांच लाख रुपये मांगे गए और पैसे नहीं देने पर दो दिन के भीतर घर पर लोगों को भेजकर मारपीट करने की धमकी दी गई। डॉक्टर का आरोप है कि 24 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे, जब वो घर में अकेले थे, अन्ना ढमढेरे वहां पहुंचा। दरवाजा खुलते ही दिव्या शिंदे समेत 8 से 10 लोग कथित तौर पर जबरन घर में घुस गए। डॉ. गायकवाड़ के मुताबिक, उनके चेहरे, पेट और पीठ पर लात-घूंसों से मारपीट की गई। शिकायत में डंडे, बेल्ट, लोहे के बर्तनों और धारदार हथियारों के इस्तेमाल का भी जिक्र है। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि उन्होंने खुद को लकवे का मरीज बताते हुए मारपीट रोकने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी नहीं रुके। घर में तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, पांच लाख रुपये नहीं देने पर डॉक्टर की कार भी ले जाने का आरोप है।
Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें:Bigg Boss 20: 'आप डॉली बिंद्रा की बेटी नहीं हो....' मनोज तिवारी की लाडली Rhiti Tiwari पर जमकर बरसे Salman Khan
अस्पताल में डॉक्टर का इलाज जारी
मारपीट में घायल डॉ. विद्याधर गायकवाड़ को इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। कालेपड़ळ पुलिस ने दिव्या शिंदे, अन्ना ढमढेरे समेत 8 से 10 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सहायक पुलिस निरीक्षक अमित शेटे मामले की आगे की जांच कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
