TV News Today, 27 March 2022: भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर सुर्खियों पर नजरें नहीं डाल पाते हैं। घर के काम या ऑफिस के काम की वजह से लोग अक्सर खबरों को नहीं पढ़ पाते हैं या फिर सुन पाते हैं। लेकिन अगर आपके पास थोड़ा सा समय है और आप टीवी जगत से सामने आई बड़ी खबरों पर झटपट तरीके से एक नजर डालना चाहते हैं तो आज हम आपके लिए टॉप टीवी न्यूज रैप लेकर आए हैं जहां आप टेलीविजन जगत से सामने आईं बड़ी खबरों के बारे में जान सकते हैं। जानें आज की 5 बड़ी खबरें...
Roadies 18 में दिखेंगी मुस्कान जट्टाना
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस ओटीटी की कंटेस्टेंट मुस्कान जट्टाना के फैन्स के लिए खुशखबरी है। मूस जट्टाना के नाम से जानी जाने वालीं मुस्कान को अब एमटीवी रोडीज सीजन 18 में देखा जाएगा। इस शो को सोनू सूद द्वारा होस्ट किया जाएगा। मूस को इससे पहले कई बार सुर्खियों में देखा गया है लेकिन हर बार कारण कुछ अलग ही रहे हैं। रोडीज का हिस्सा बनने के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'रोडीज में भाग लेना वास्तव में काफी कठिन निर्णय था क्योंकि यह मेरे कम्फर्ट जोन से बाहर है और ओटीटी के बाद मुझे यकीन नहीं था कि रियलिटी शो मेरे लिए है।' एक फेमिनिस्ट सोच वालीं मुस्कान को सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर मुखर होने के लिए जाना जाता है।
Lock Upp में आए ये दो नए कैदी
लॉक अप (Lock Upp) में चेतन हंसराज और सायशा शिंदे के बाहर होने के बाद अब वाइल्ड कार्ड आने वाले हैं। कंगना रनौत के शो लॉक अप में दो वाइल्ड कार्ड एंट्रीज आ रही हैं। शो में जीशान खान और विनीत कक्कड़ वाइल्ड कार्ड के रूप में एंट्री करते नजर आएंगे। पेशे से एक्टर जीशान को 2021 में बिग बॉस ओटीटी पर देखा गया था। वह ‘कुमकुम भाग्य’ में अपनी भूमिका के लिए फेमस हुए थे। वहीं विनीत कक्कड़ भी एक्टर हैं, जिन्हें कई टीवी सीरियल्स में देखा जा चुका है। उन्होंने जिद्दी दिल माने ना में खलनायक की भूमिका निभाई और ‘कौन’ वेब सीरीज में भी खास रोल प्ले किया था।
अरुणिता कांजीलाल भी बनेंगी सुपरस्टार सिंगर 2 की कप्तान
सोनी टीवी पर सिंगिंग रियलिटी शो सुपरस्टार सिंगर 2 (Superstar Singer 2) जल्द ही शुरू होने जा रहा है। इस नए शो में शामिल होने वाले बच्चों को खास शिक्षा देने के लिए शो में कप्तानों को नियुक्त किया जाएगा। शो में कैप्टन्स का एक पूरा पैनल होगा। अब तक पवनदीप राजन को बतौर कप्तान शो में शामिल किया गया है लेकिन अब पवनदीप के बाद अरुणिता कांजीलाल भी इस शो में शामिल हो गईं हैं। इंडियन आइडल सीजन 12 की फाइनलिस्ट अरुणिता कांजीलाल सुपरस्टार सिंगर के आगामी सीजन में कैप्टन की भूमिका निभाती नजर आएंगी।
करण कुंद्रा को मिला बॉलीवुड फिल्म का ऑफर!
'बिग बॉस 15' फेम करण कुंद्रा (Karan Kundrra) आए दिन चर्चा में बने रहते हैं। अपनी गर्लफ्रेंड तेजस्वी प्रकाश के साथ अक्सर करण कुंद्रा को स्पॉट किया जाता है। दोनों की तस्वीरें और वीडियोज खूब वायरल होते हैं। अब करण कुंद्रा के फैन्स के लिए एक खुशखबरी है क्योंकि उनके हाथ एक बड़ा प्रोजेक्ट लगा है। करण कुंद्रा को लेकर खबर आई है कि उनको एक बड़ी फिल्म मिली है। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि करण कुंद्रा के हाथ बॉलीवुड फिल्म लगी है। इस फिल्म में उनके साथ दो बड़े स्टार नजर आने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक करण कुंद्रा जिस बॉलीवुड फिल्म में नजर आएंगे, उसमें उनके साथ रुस्तम और रेड फिल्म फेम इलियाना डिक्रूज और रणदीप हुड्डा भी होंगे। हालांकि, इन तीनों स्टार्स की तरफ से इस बात की पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल इस खबर के आते ही उनके फैंस काफी खुश हैं और करण कुंद्रा को बड़े पर्दे देखने के लिए उत्साहित हैं।
सायशा शिंदे हुईं लॉक अप से बाहर
लॉक अप शो में कंटेस्टेंट्स के बीच काफी कुछ हो रहा है। कोई अपना आपा खो रहा है तो कोई संयम से सभी परिस्थितियों का सामना कर रहा है। अब दर्शकों शो में सबसे चौंकाने वाला एविक्शन देखने को मिला। चेतन हंसराज पहले ही लॉक अप शो से बाहर हो चुके है। जेलर करण कुंद्रा द्वारा चेतन हंसराज को बाहर किया जा चुका है और अब इसके बाद सायशा शिंदे की बारी आ गई। जी हां, होस्ट कंगना रनौत के साथ दुर्व्यवहार के कारण सायशा शिंदे को शो से बाहर कर दिया गया है। साथ ही कंगना रनौत ने लॉक अप में कंटेस्टेंट की बदतमीजी के लिए उन्हें जमकर फटकार लगाई है। लॉक अप में सायशा शिंदे ने पिछली रात निर्माताओं को गाली देकर दुरव्यवहार के साथ बातचीत की थी। इसी सिलसिले में सायशा शिंदे और करणवीर बोहरा को कंगना ने बुलाया था और उनसे पूछताछ की।

