राजू श्रीवास्तव के हार्ट में डॉक्टरों ने लगाए दो स्टेंट, अस्पताल में मौजूद हैं पत्नी-परिवार और करीबी दोस्त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 11, 2022, 03:40 PM IST

Raju Srivastava brain is not functioning: राजू श्रीवास्तव के करीबी दोस्त ने बताया- ' उनका स्वास्थ्य स्थिर नहीं है और मैंने डॉक्टरों से बात की और यहां तक कि उन्होंने भी कहा- शाम तक इंतजार करते हैं और देखते हैं कि उनकी स्थिति कैसी होगी।'

राजू श्रीवास्तव के हार्ट में डॉक्टरों ने लगाए दो स्टेंट, अस्पताल में मौजूद हैं पत्नी-परिवार और करीबी दोस्त

Raju Srivastava health Update: प्रसिद्ध और हमारे देश के सर्वश्रेष्ठ स्टैंड-अप कॉमेडियन में से एक राजू श्रीवास्तव की तबीयत काफी नाजुक है। उन्हें कल (10 अगस्त) दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब राजू श्रीवास्तव को वेंटिलेटर पर रखा गया है। वो एम्स में भर्ती हैं और बताया जा रहा है कि कल देर शाम उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उनको वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। राजू श्रीवास्तव के करीबी दोस्त डॉ. अनिल मुरारका ने इसकी पुष्टि की है।

राजू के करीबी दोस्त डॉ. अनील मुरारका इस समय अस्पताल में हैं। उन्होंने खबर की पुष्टि करते हुए बताया, 'हां, यह सच है। वह दुर्भाग्य से स्थिर नहीं हैं। उनका दिमाग काम नहीं कर रहा है और इसलिए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। कल उन्हें बड़ा दिल का दौरा पड़ा था। डॉक्टरों ने कल उनके दिल में दो स्टेंट भी लगाए हैं लेकिन उनकी बॉडी अभी भी इलाज के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। राजू का परिवार आ गया है, उनकी पत्नी वहां है। उनका स्वास्थ्य स्थिर नहीं है और मैंने डॉक्टरों से बात की और यहां तक कि उन्होंने भी कहा- शाम तक इंतजार करते हैं और देखते हैं कि उनकी स्थिति कैसी होगी।'

जानकारी के अनुसार, राजू श्रीवास्तव कल ट्रेडमिल पर दौड़ रहे थे। तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई इसी के बाद तुरंत उनको एम्स, नई दिल्ली ले जाना पड़ा।राजू श्रीवास्तव कई लोकप्रिय टीवी शो का हिस्सा रहे हैं और हमारे देश के बेहतरीन स्टैंड-अप कॉमेडियन में से एक हैं। उन्होंने द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज, बिग बॉस, शक्तिमान, कॉमेडी सर्कस, द कपिल शर्मा शो जैसे शो किए हैं।

राजू श्रीवास्तव ने कुछ बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। इसमें मैंने प्यार किया, तेजाब, बाजीगर जैसी बॉलीवुड फिल्में शामिल हैं। बता दें, उनको गजोधर के अपने किरदार के लिए खूब लोकप्रियता मिली। आज भी उन्हें इसी नाम से जाना जाता है। राजू हाल ही में इंडियाज लाफ्टर चैंपियन में बतौर स्पेशल गेस्ट नजर आए थे।

End of Article