कोमा में चला गया अनुज कपाड़िया, अनुपमा का अब होगा असली दु्श्मनों से सामना, नया प्रोमो देख मेकर्स पर भड़के फैन्स

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 30, 2022, 11:56 PM IST

Anuj Kapadia Slip into coma in Anupama: अनुपमा सीरियल के नए प्रोमो में हम अनुपमा की अब अग्निपरीक्षा की झलक देख सकते हैं। प्रोमो से फैन्स खुश नहीं हैं। सोशल मीडिया पर अनुपमा के मेकर्स पर लगातार फैन्स का गुस्सा फूट रहा है....

कोमा में चला गया अनुज कपाड़िया, अनुपमा का अब होगा असली दु्श्मनों से सामना, नया प्रोमो देख मेकर्स पर भड़के फैन्स

Anupama New Promo: रूपाली गांगुली, गौरव खन्ना, मदालसा शर्मा और सुधांशु पांडे स्टारर अनुपमा की हालिया कहानी ने सभी का ध्यान खींचा है। अनुज के भाई अंकुश और उसकी पत्नी बरखा की एंट्री हम सभी ने देखी है। बरखा का भाई अधिक भी साथ आ चुका है। सभी मिलकर इस बात को छुपाते हैं कि उन्होंने अमेरिका में सारा पैसा और बिजनेस खो दिया है। तीनों अब अनुज का बिजनेस हड़पना चाहते हैं। इसीलिए वो इस बात से खुश नहीं हैं कि अनुज ने अपनी सारी संपत्ति अनुपमा को दे दी है। 

संपत्ति पाने के लिए, अधिक ने अनुपमा की बेटी पाखी को फंसाने का फैसला किया। नवीनतम एपिसोड में, हमने देखा कि अधिक और बरखा ने पाखी को विश्वास दिलाया है कि अनुपमा उससे प्यार नहीं करती है। प्लान के तहत उन्होंने पाखी को फंसाने और अनुपमा के खिलाफ भड़काने की कोशिश की। इसी का नतीजा हुआ कि पाखी, अनुपमा का अपमान करती है और उसे सबसे खराब मां बताती है। हालांकि इन्हीं एपिसोड के दौरान, हमने ऐसे भी कुछ सीन्स देखे जो अनुज की मौत की ओर इशारा करते हैं। बताया जा रहा था कि गौरव खन्ना शो छोड़ देंगे। अनुज के अनुपमा के साथ नहीं होने से फैंस निराश थे। अब, आखिरकार अनुपमा सीरियल का नया प्रोमो जारी किया गया है जहां हम अनुपमा और अनुज की भविष्य की कहानी देख सकते हैं। जहां अनुज अब कोमा में जा चुका है और एकबार फिर से अनुपमा को अग्निपरीक्षा देनी है।

अनुपमा सीरियल के नए प्रोमो में हम अनुपमा को अकेला हैरान परेशान देखते हैं। अनुपमा को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कैसे हमारे अपने ही लोग हमें चोट पहुंचाते हैं और पीठ पर वार करते हैं। कहानी में बरखा और अंकुश को अनुपमा से ये कहते हुए देखा जा सकता है कि जैसे- तुमने अनुज को अपने प्यार में फंसाया, वैसे ही तुम्हारी बेटी पाखी भी अधिक के साथ ऐसा ही कर रही है। वहीं वनराज यह कहते हुए दिखाया जाता है कि अनुज के परिवार ने अनुपमा को उसकी असली औकात दिखा दी है। अनुपमा को अस्पताल के बिस्तर पर देखते हैं। जहां छोटी अनु आकर अनुपमा से पूछती है कि क्या उसके पिता फिर कभी नहीं उठेंगे। अनुपमा तब अनुज से कहती है कि वह और छोटी अनु दोनों उसका इंतजार कर रहे हैं। आगे प्रोमो में अनुज को व्हील चेयर पर बैठा देखा जाता है जबकि अनुपमा ने उसे फिर से खड़ा करने का फैसला किया है। यहां देखें प्रोमो...

प्रोमो से फैन्स खुश नहीं हैं। सोशल मीडिया पर अनुपमा के मेकर्स पर लगातार फैन्स का गुस्सा फूट रहा है। एक फैन ने लिखा, 'क्या इसे महिला सशक्तिकरण कहा जाता है? क्यों इस दुनिया में कोई भी महिला अपनी खुशी का त्याग किए बिना सशक्त नहीं हो सकती!! इतना बुरा.. जिस व्यक्ति ने इस शो की टीआरपी को अगले स्तर पर पहुंचा दिया, उसके साथ इतना बुरा किया।' इसी तरह से कई फैन्स इस ट्रैक पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। 

End of Article