Aur Bhai Kya Chal Raha Hai: बंंद हुआ एंड टीवी का शो 'और भाई क्या चल रहा है', एक्टर ने लिखा भावुक पोस्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 20, 2022, 10:50 AM IST

एंड टीवी पर प्रसारित होने वाला मशूहर कॉमेडी शो 'और भाई क्या चल रहा है' ऑफ एयर हो गया। सीरियल के लीड एक्टर संदीप यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है।

Aur Bhai Kya Chal Raha Hai: बंंद हुआ एंड टीवी का शो 'और भाई क्या चल रहा है', एक्टर ने लिखा भावुक पोस्ट

Aur Bhai Kya Chal Raha Hai goes off air: एंड टीवी पर प्रसारित होने वाला मशूहर कॉमेडी शो 'और भाई क्या चल रहा है' ऑफ एयर हो गया। लखनऊ की पृष्‍ठभूमि पर बना ये सीरियल एक हवेली के बंटवारे की कहानी रहा। इस हवेली के बीच में एक दीवार खड़ी है और एक तरफ मिर्जा परिवार रहता है तो दूसरी तरफ मिश्रा परिवार। कॉमेडी से भरपूर ये सीरियल मिश्रा और मिर्जा परिवार की मीठी नोकझोंक को दिखाकर दर्शकों को गुदगुदाता है लेकिन अब ये सीरियल बंद हो चुका है। सीरियल के लीड एक्टर संदीप यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है।

एक्टर संदीप यादव लिखते हैं- आज महबूबा के साथ आख़िरी दिन है, कल से हम जुदा हो जायेंगे। ये बात हम दोनों पिछले करीब एक महीने से जानते थे। रोज मिलना होता था हमारा, रोज इस सच को हम दोनों इग्नोर कर रहे थे लेकिन आज हम दोनों भारी मन से ये कड़वा सच स्वीकार कर रहे हैं, हालाकिं हमारे आस पास के लोगों का कहना है कि ये एक 'ब्रेक' है 'ब्रेकअप नहीं' उम्मीद है हम फिर से जुड़ जायेंगे।

कल शाम से ही दरअसल बहुत उदासी थी, रात भी बहुत बेचैनी में बीती। सुबह तुमसे मिलने आने में मुझे देर हुई क्योंकि मैं असमंजस में था कि कैसे आऊं तुम्हारे पास? कैसे फेस करेंगे हम दोनों एक दूसरे को आज? लेकिन आया ही आख़िर मैं तुमसे मिलने। दोस्तों आज हमारे सीरियल 'और भई क्या चल रहा है' का लखनऊ में आखिरी दिन है, जिसे हमने अपनी महबूबा समझा, इश्क किया....आज उसकी शूटिंग का आखिरी दिन है, सीरियल बंद हो रहा है, एक अजीब सी बेचैनी है उदासी है...क्या कहूं।  

बता दें कि और भाई क्या चल रहा है & टीवी चैनल पर सोमवार से शुक्रवार रात 9:30 बजे टेलीकास्ट होता था। शो 30 मार्च 2021 से शुरू हुआ था। इसका निर्माण अमजद हुसैन शेख ने अपने प्रोडक्शन हाउस शेड प्रोडक्शंस के तहत किया। इस शो को काफी अच्‍छा रेस्‍पांस मिला था और ये भाबीजी घर पर हैं को टक्कर देने लगा था। 

End of Article