Rahul Vohra: 'इलाज मिलता तो बच जाता, जल्द फिर जन्म लूंगा'- पोस्ट लिखने के अगले दिन एक्टर ने ली अंतिम सांस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 10, 2021, 06:18 PM IST

Actor Rahul Vohra Death: राजधानी दिल्ली के कोविड-19 अस्पताल में सही समय पर उचित इलाज ना मिलने के बारे में पोस्ट लिखने के एक दिन बाद अभिनेता राहुल वोहरा ने दम तोड़ दिया।

Rahul Vohra: 'इलाज मिलता तो बच जाता, जल्द फिर जन्म लूंगा'- पोस्ट लिखने के अगले दिन एक्टर ने ली अंतिम सांस

मुंबई: दिल्ली के अस्पताल में कोविड-19 ​​पॉजिटिव होने के बाद भर्ती हुए अभिनेता राहुल वोहरा का रविवार (9 मई) को निधन हो गया। फेसबुक पर 1.9 मिलियन फैंस के साथ बड़े पैमाने पर फॉलोविंग  रखने वाले अभिनेता ने एक दिन पहले उचित उपचार नहीं मिलने को लेकर एक हताशा भरा पोस्ट लिखा था और कहा था कि वह अब जीवन को लेकर हिम्मत हार गए हैं।

'मुझे बचाया जा सकता था...'
फेसबुक पर पीएम मोदी और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को टैग करते हुए एक पोस्ट में अभिनेता ने लिखा, 'अगर मुझे भी इलाज अच्छा मिल जाता, तो मैं भी बच जाता तुम्हारा राहुल वोहरा।' इसके बाद अभिनेता ने अपने नाम, उम्र और अस्पताल के पते संबंधी जानकारी लिखी थी।

उन्होंने आगे लिखा, 'जल्द जन्म लूंगा और अच्छा काम करूंगा। अब हिम्मत हार चुका हूं।' यहां देखिए एक्टर का अंतिम फेसबुर पोस्ट।

Actor Rahul Vohra last post on Social Media

राहुल ने इससे पहले कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद अपनी असहाय अवस्था जाहिर करते हुए राष्ट्रीय राजधानी में ऑक्सीजन बेड के लिए अनुरोध किया था। उनका ऑक्सीजन स्तर तेजी से गिर रहा था।

'मेरा ऑक्सीजन लेवल गिरता जा रहा है..'
अभिनेता ने फेसबुक पोस्ट में लिखा था, 'मैं कोविड पॉजिटिव हूं। एडमिट हूं। लगभग 4 दिन से लेकिन कोई रिकवरी नहीं। क्या कोई ऐसा अस्पताल है? जहां ऑक्सीजन बेड मिल जाए। क्योंकि यहां मेरा ऑक्सीजन लेवल लगातार नीचे जा रहा है और कोई देखने वाला नहीं।'

'बहुत मजबूर होकर पोस्ट लिख रहा हूं...'
अभिनेता ने अपनी दयनीय अवस्था बताते हुए आगे लिखा था, 'मैं बहुत मजबूर होकर ये पोस्ट कर रहा हूं। क्योंकि घर वाले कुछ संभाल नहीं पा रहे।'

Rahul Vohra Post About Covid-19

थिएटर निर्देशक-नाटककार अरविंद गौड़ ने रविवार को एक फेसबुक पोस्ट में राहुल की मौत की खबर की पुष्टि की।

हिंदी में लिखी गई एक पोस्ट में, अरविंद ने लिखा, 'वह (राहुल) चला गया है। मेरा प्रतिभाशाली अभिनेता अब नहीं रहा। कल ही उसने कहा था कि अगर उसका उचित इलाज हो जाता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। उसे कल शाम आयुष्मान, द्वारका में ट्रांसफर कर दिया गया था लेकिन हम उसे नहीं बचा सके। हमें माफ करना, हम सभी तुम्हारे अपराधी हैं। तुम्हें मेरा अंतिम सम्मान।'

उत्तराखंड के राहुल डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफी लोकप्रिय चेहरा थे। साथ ही वह नेटफ्लिक्स की सीरीज अनफ्रीडम में भी नजर आए थे। राहुल के काम को पसंद भी किया जा रहा था और फैंस ने उनकी जमकर तारीफें की थीं।

End of Article