Pavala Shyamala dies: तेलुगु (Telugu) सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस पावला श्यामला (Pavala Shyamala) को लेकर बेहद दुखद खबर सामने आई है। 75 साल की उम्र में उनका निधन हो गया, जिससे फिल्म इंडस्ट्री और उनके चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है। पावला श्यामला ने अपने लंबे करियर में कई यादगार फिल्मों में काम किया और अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। पिछले कुछ समय से वह खराब स्वास्थ्य और आर्थिक परेशानियों से जूझ रही थीं। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्मी सितारे उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके योगदान को याद कर रहे हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Samantha Ruth Prabhu ने फ्लॉन्ट किया बेबी बंप, चेहरे पर दिखा प्रेग्नेंसी ग्लो)
पावला श्यामला का निधन
पावला श्यामला ने तीन दशक से ज्यादा समय तक तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और कई फिल्मों में सहायक भूमिकाओं से अपनी अलग पहचान बनाई। हालांकि, पिछले कुछ साल उनके लिए काफी मुश्किलों भरे रहे। बढ़ती उम्र, खराब सेहत और अपनी बीमार बेटी की देखभाल के कारण उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा। कुछ हफ्ते पहले उनकी हालत उस समय चर्चा में आई थी, जब इलाज के लिए पैसे न होने की वजह से एक अस्पताल ने उन्हें भर्ती करने से मना कर दिया। अस्पताल से टैक्सी में भेजे जाने के बाद ड्राइवर उन्हें रास्ते में छोड़कर चला गया। बाद में वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके बाद निर्माता और फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के चेयरमैन दिल राजू ने उनकी मदद की।
इससे पहले साल 2025 में भी पावला श्यामला और उनकी बेटी को रहने की जगह छोड़नी पड़ी थी। उस समय पुलिस ने दोनों की मदद कर उन्हें एक चैरिटेबल होम में पहुंचाया था। इससे पहले 2021 में फिल्ममेकर राज और डीके ने भी सोशल मीडिया पर लोगों से उनकी मदद करने की अपील की थी। चिरंजीवी, पवन कल्याण, अल्लू अर्जुन और साई दुर्गा तेज जैसे कई कलाकार भी समय-समय पर उनकी मदद कर चुके थे। अब सोशल मीडिया पर सभी लोग पावला श्यामला को नम आंखों से याद कर रहे हैं।
