UV Krishnam Raju Death: एक्टर और प्रभास के चाचा कृष्णम राजू का निधन, 82 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 11, 2022, 08:17 AM IST

UV Krishnam Raju Death: साउथ के एक्टर और पूर्व केंद्रीय मंत्री यू.वी.कृष्णम राजू का निधन हो गया है। 82 साल के यू.वी.कृष्णम राजू प्रभास के चाचा थे। आखिरी बार फिल्म राधे श्याम में नजर आए थे।

UV Krishnam Raju Death: एक्टर और प्रभास के चाचा कृष्णम राजू का निधन, 82 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

UV Krishnam Raju Passes Away. साउथ के पॉपुलर एक्टर, पूर्व केंद्रीय मंत्री यू.वी. कृष्णम राजू का निधन हो गया है। कृष्णम राजू को टॉलीवुड में रेबल स्टार भी कहा जाता था। 82 साल के दिवंगत एक्टर ने रविवार सुबह तीन बजकर 45 मिनट में अंतिम सांस ली। इससे पहले शनिवार रात उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। कृष्णम राजू प्रभास के अंकल थे। सोशल मीडिया पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के एक्टर, डायरेक्टर और फैंस कृष्ण राजू को अपनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साथ ही दुख की इस घड़ी में प्रभास और उनके परिवार के साथ खड़े हैं। 

साउथ के डायरेक्टर मारुति ने सोशल मीडिया पर कृष्णम राजू को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा, 'ये जानकर बेहद दुख हुआ कि दिग्गज एक्टर और रेबल स्टार कृष्णम राजू हमारे बीच नहीं हैं। प्रभास गारू और उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान कृष्णम राजू सर की आत्मा को शांति दें। आप हमारे दिल में हमेशा रहेंगे।' तेलंगाना राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी.आर ने भी कृष्णम राजू को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, 'तेलुगु सिनेमा के रेबल स्टार श्री कृष्णम राजू गारू के निधन के बारे में जानकार बेहद दुख हुआ। प्रभास गारू, उनके परिवार और दोस्तों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।' कृष्णम राजू अपने पीछे वाइफ और तीन बेटियां छोड़कर चले गए हैं।

राधे श्याम आखिरी फिल्म
कृष्णम राजू का जन्म 20 जनवरी 1940 को हुआ था। करियर की शुरुआत में कृष्णम राजू पत्रकार थे। टॉलीवुड में साल 1966 में आई फिल्म चिलाका गोरनिका से उन्होंने एक्टिंग में डेब्यू किया था। इस फिल्म को साउथ का प्रतिष्ठित नंदी अवॉर्ड मिला था। इसके बाद वह एनटी रामा राव के साथ पौराणिक फिल्म श्री कृष्णावतरम में नजर आए थे। उन्होंने साउथ फिल्मों के दो दिग्गज एक्टर एनटी रामा राव और अक्किनेनी नागश्वर राव के साथ कई फिल्मों में काम किया था। 70 और 80 के दशक में कृष्णम राजू ने कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में किया। अपने लगभग 50 साल के करियर में कृष्णम राजू ने लगभग 183 फिल्मों में काम किया था। कृष्णम राजू आखिरी बार अपने भतीजे प्रभास और पूजा हेगड़े की फिल्म राधे श्याम में नजर आए थे।

अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में थे मंत्री
फिल्मों के अलावा राजनीति में भी कृष्णम राजू काफी सक्रिय थे। उन्होंने साल 1992 में कांग्रेस के टिकट से नारसपुरम सीट से चुनाव लड़ा था। ये चुनाव वह हार गए। कुछ साल बाद वह भारतीय जनता पार्टी  में शामिल हो गए थे। साल 1998 आम चुनाव में वह काकीनडा सीट से सांसद बने थे। साल 1998 से लेकर साल 2002 तक पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वह राज्य मंत्री रहे थे।

Krishnam Raju

पर्सनल लाइफ की बात करें तो कृष्णम राजू ने पहली शादी सीता देवी से की थी। उनकी पहली पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने श्यामलादेवी से शादी की थी। इस शादी से उनकी तीन बेटियां हैं। प्रभास के पिता उप्पलपति सूर्यनारायण राजू कृष्णम राजू के भाई हैं।

End of Article