18 रुपए लेकर सिनेमा में करियर बनाने निकले थे राजकुमार राव, बिस्किट के सिर्फ एक पैकेट से मिटाते थे दिनभर की भूख

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 7, 2022, 07:48 PM IST

Rajkummar Rao Opened Up About His Struggling Days: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ने अपने पुराने और संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनकी जिंदगी में सबसे बुरा समय कब था और उन्हें किन हालातों में गुजारा करना पड़ा था।

18 रुपए लेकर सिनेमा में करियर बनाने निकले थे राजकुमार राव, बिस्किट के सिर्फ एक पैकेट से मिटाते थे दिनभर की भूख
Photo Credit: Instagram

Rajkummar Rao Opened Up About His Struggling Days: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव ने अपनी मेहनत के दम पर बॉलीवुड इंडस्ट्री में एक ऊंचा मुकाम हासिल किया है। आज वह जिस मुकाम पर हैं उसे हासिल करना उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। राजकुमार राव ने हाल ही में मीडिया से बात करते हुए यह बताया कि कैसे उन्होंने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है। राजकुमार राव ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए यह कहा कि 'मैं मुंबई आ गया था लेकिन यह बहुत कठिन था। एक समय ऐसा था जब मैं सिर्फ पारले जी का एक बिस्किट खाकर अपना दिन‌ गुजारा करता था और उस समय मेरे बैंक अकाउंट में सिर्फ 18 रुपए हुआ करते थे। किस्मत से, मेरे कुछ दोस्त फिल्म स्कूल में थे जिन्होंने मेरी मदद की थी। लेकिन मेरे पास कभी प्लान बी नहीं था, मैं हमेशा से एक एक्टर बनना चाहता था।' 

इसके बाद राजकुमार राव ने यह भी कहा कि बॉलीवुड इंडस्ट्री में आउटसाइडर्स के लिए अपना करियर बनाना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने कहा 'एक आउटसाइडर होना बहुत मुश्किल था। मैं गुडगांव में एक जॉइंट फैमिली में पला-बढ़ा, उस समय यह एक छोटा सा गांव ही‌ था। बचपन में मुझे सिनेमा से प्यार हो गया था और मुझे पता था कि मुझे यही करना है। थिएटर के दौरान, मैं साइकिल से ‌दिल्ली 70 किलोमीटर ट्रेवल करके आया और जाया करता था। यह ऐसा था जैसे कि मैं गर्लफ्रेंड से मिलने जा रहा हूं।‌ मैंने एफटीआईआई में कड़ी मेहनत की थी।‌ मैं जितना हो सके उतना सीखना चाहता था।'

राजकुमार राव बॉलीवुड इंडस्ट्री के एक बेहतरीन एक्टर्स में से एक हैं जिन्होंने अपनी‌ एक्टिंग का लोहा मनवा चुका है। उनके लिए कृति सेनन और आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म बरेली की बर्फी एक गेम चेंजर की तरह रही है। फिल्म स्त्री और प्रियंका चोपड़ा के साथ द व्हाइट टाइगर में उनके अभिनय की खूब तारीफ की गई थी। इन फिल्मों के बाद राजकुमार लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ रहे हैं।

End of Article