पान मसाले का विज्ञापन करने पर अमिताभ बच्चन का जवाब- 'धनराशि और व्यवसाय के बारे में सोचना पड़ता है'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 17, 2021, 06:24 PM IST

सोशल मीडिया पर एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए अमिताभ बच्चन ने बताया कि क्यों उन्होंने अपने करियर में पान मसाला के विज्ञापनों के लिए काम किया।

पान मसाले का विज्ञापन करने पर अमिताभ बच्चन का जवाब- 'धनराशि और व्यवसाय के बारे में सोचना पड़ता है'
Photo Credit: Instagram

मुंबई: हिंदी फिल्मों के महानायक अमिताभ बच्चन का नाम देश की आदर्श हस्तियों में गिना जाता है। उनके हर काम पर लोगों की नजर रहती है और कई लोग उन्हें फॉलो भी करते हैं। सोशल मीडिया पर बिग बी भारत से सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली हस्तियों में शुमार हैं। इस बीच वह एक विज्ञापन को लेकर बीते काफी समय से ट्रोलिंग का शिकार हो रहे हैं।

कई मशहूर हस्तियों के लिए कुछ विज्ञापनों में काम करना समय समय पर विवादों का विषय रहा है। खास कर ऐसे उत्पाद जो सेहत के लिए हानिकारक हैं उनका प्रचार करने को लेकर बहस होती रही है। इस बीच अमिताभ बच्चन से भी एक यूजर ने इसी से जुड़ा एक सवाल पूछ दिया जिसका बिग बी ने जवाब भी दिया है।

दरअसल अमिताभ बच्चन ने समय को लेकर किए पोस्ट में लिखा, 'एक घड़ी खरीदकर हाथ में क्या बांध ली, वक्त पीछे ही पड़ गया मेरे।'

इस पोस्ट के कमेंट बॉक्स में एक यूजर ने सवाल किया, 'प्रणाम सर, सिर्फ एक बात पूछनी है आपसे, क्या वजह है कि आपको भी कमला पसंद पान मसाले का विज्ञापन करना पड़ा?'

Amitabh Bachchan reply about Pan Masala Ad

जवाब देते हुए ट्विटर पर अमिताभ बच्चन ने रिप्लाई दिया, 'मान्यवर, क्षमा प्रार्थी हूं, किसी व्यवसाय से यदि किसी का भला हो रहा हो तो ये सोचना गलत है कि हम उसके साथ क्यों जुड़े हैं। हां अगर बिजनेस है तो हमें भी उसमें अपने व्यवसाय के बारे में सोचना पड़ता है।'

Amitabh Bachchan answer about Pan Masala Ad user question

आगे उन्होंने लिखा, 'अब आपको लग रहा है कि मुझे ये नहीं करना चाहिए था लेकिन इसे करने से मुझे भी धनराशि मिलती है और हमारे उद्योग के बहुत से कर्मचारियों को भी काम और धनराशि मिलते हैं।' ऊपर आप अमिताभ बच्चन का पूरा जवाब स्क्रीनशॉट में देख सकते हैं, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया यूजर से शब्द विशेष को उपयोग ना करने की अपील की।

End of Article