बॉलीवुड

बेटे विहान संग Katrina Kaif को देखकर इमोशनल हुए Vicky Kaushal, बोले- काश उस पल को रोक पाता

  • Authored by: अभय
  • Updated Oct 2, 2026, 04:43 PM IST

Vicky Kaushal on Katrina Kaif And Son Vihaan: विक्की कौशल और कैटरीना कैफ नवंबर 2025 में बेटे विहान के माता-पिता बने थे। अब विक्की ने पिता बनने के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों पर बात की है।

Image

विक्की कौशल ने कटरीना कैफ और बेटे को लेकर किया खुलासा (Image Source: Katrina Kaif Instagram)

Vicky Kaushal on Katrina Kaif And Son Vihaan: बॉलीवुड एक्टर विक्की कौशल (Vicky Kaushal) इन दिनों अपनी जिंदगी के बेहद खास दौर से गुजर रहे हैं। एक्टर और उनकी पत्नी कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) नवंबर 2025 में बेटे विहान (Vihaan) के माता-पिता बने थे। इसके बाद से विक्की कई बार पिता बनने के अपने अनुभव के बारे में बात कर चुके हैं। हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि बेटे के साथ बिताए छोटे-छोटे पल उनके लिए कितने खास हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने एक ऐसे पल का भी जिक्र किया, जिसे वो लंबे समय तक अपने साथ रखना चाहते हैं। तो चलिए जानते हैं विक्की कौशल ने इंटरव्यू के दौरान क्या बोला है।

विक्की कौशल ने कही ये बात

Harit Zaveri Jewellers के यूट्यूब चैनल पर शेयर की गई बातचीत में विक्की कौशल ने बताया कि इन बदलावों को सामान्य तरीके से न तो नापा जा सकता है और न ही समझाया जा सकता है, लेकिन इमोशनल तौर पर इसका असर बहुत गहरा रहा है। विक्की ने कहा, 'आप इस बदलाव को इस तरह नहीं माप सकते कि कैसे और क्या बदला है, लेकिन मैं आपको इतना बता सकता हूं कि ये बस एक जादुई अनुभव है, एक जादुई एहसास है। मुझे नहीं पता कि इसे ठीक से समझाने के लिए मेरे पास इतने शब्द भी होंगे कि मैं बता सकूं कि आप असल में कैसा महसूस करते हैं। हर दिन, हर छोटा सा पल, जब आपका बच्चा खिलखिलाता है, उसका पहली बार रोना, उसका पहला नया एक्सप्रेशन और उसका पहला नया इशारा, ये सब देखना और महसूस करना बस कमाल है।' उन्होंने कहा, 'कहा जाता है कि इंसान कभी संतुष्ट नहीं होता, लेकिन पिछले 10 महीनों में मैंने ऐसे बहुत सारे पल जिए हैं, जब मुझे लगा कि बस यही है, सब कुछ पूरा है, मुझे और कुछ नहीं चाहिए और मैंने ऐसा महसूस किया है।'

कैटरीना और विहान को साथ देखकर कैसा लगता है?

एक्टर ने कैटरीना कैफ और अपने बेटे के साथ बिताए पलों के बारे में भी बात की। विक्की ने कहा, 'उस पल में अपनी पत्नी की खुशी और अपने बच्चे को खिलखिलाते हुए देखना और खुद भी उसी पल में होना, बस ऐसा लगता है कि काश आप इसे रोक पाते, तो इस पल को और जी पाते ये बस कमाल है। और मुझे लगता है कि ये आपको एक इंसान के तौर पर बेहद संवेदनशील बनाता है। साथ ही, ये आपको एक इंसान के तौर पर बेहद जिम्मेदार भी बनाता है, क्योंकि अब आपको जो कहते हैं, उसे खुद भी करके दिखाना है।'

‘आपका बच्चा सबसे पहले वही सीखता है, जो वह घर में देखता है’

विक्की ने कहा कि सबसे बड़े बदलावों में से एक यह रहा है कि अब वह अपने व्यवहार पर पहले से कहीं ज्यादा ध्यान देने लगे हैं।उनके मुताबिक, बच्चे की शुरुआती सीख अक्सर आसपास के लोगों को देखकर ही होती है। उन्होंने कहा, 'आपके बच्चे की पहली सीख अनजाने में वही होने वाली है, जो वह घर में देखता है और वह उन सभी चीजों को अपने अंदर लेता जाएगा।' विक्की ने कहा, 'पिछले 10 महीनों में मैंने जितना खुद को मॉनिटर किया है, उतना मैंने पहले कभी खुद को मॉनिटर नहीं किया। आपको वैसा ही बनना होता है, ताकि आपका बच्चा आपसे कुछ सीख सके। यही मेरी सबसे बड़ी सीख रही है।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article