बॉलीवुड

बड़े पर्दे पर आने वाली थी Jaspal Rana की कहानी, रॉय कपूर फिल्म्स ने निधन पर दुख जताते हुए कही ये बात

  • Authored by: अभय
  • Updated Jun 13, 2026, 09:03 AM IST

Roy Kapur Films on Jaspal Rana Death: जसपाल राणा (Jaspal Rana) का 49 साल की उम्र में निधन हो गया है। रॉय कपूर फिल्म्स ने इस दुखद खबर पर शोक जताया और साथ ही ये भी बताया कि...

Image

जसपाल राणा बायोपिक अपडेट (Image Source: PTI/ RKF)

Roy Kapur Films on Jaspal Rana Death: भारतीय शूटिंग के लीजेंड जसपाल राणा (Jaspal Rana) का 49 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनकी मौत की खबर सुनकर पूरा खेल जगत और बॉलीवुड सदमे में है। हर कोई जसपाल राणा के निधन पर शोक जताता हुआ नजर आया। किसी ने जसपाल राणा के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें शेयर की, तो कोई पुराने दिनों को याद करता दिखा। जसपाल राणा के निधन पर रॉय कपूर फिल्म्स (Roy Kapur Films) ने भी शोक जताया। शोक जताते हुए रॉय कपूर फिल्म्स ने एक बड़ा खुलासा भी किया। जिसने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है। तो चलिए जानते हैं कि रॉय कपूर फिल्म्स ने क्या खुलासा किया।

रॉय कपूर फिल्म्स ने जताया दुख

जसपाल राणा के निधन से खेल जगत के साथ-साथ सिनेमा जगत में भी शोक की लहर दौड़ पड़ी है। जसपाल राणा को कई स्टार्स ने श्रद्धांजलि दी है। इसी बीच रॉय कपूर फिल्म्स ने एक्टर को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया है। रॉय कपूर फिल्म्स ने इंस्टाग्राम पर जसपाल राणा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही भारतीय खेलों में उनके बड़े योगदान और कई खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में निभाई गई उनकी भूमिका का जिक्र किया। प्रोडक्शन हाउस ने लिखा, 'जसपाल राणा के निधन से हमें गहरा दुख पहुंचा है। वो सिर्फ एक चैंपियन या शानदार कोच ही नहीं थे, बल्कि भारत को खेलों में नई पहचान दिलाने वाले लोगों में से एक थे। शूटिंग में उनकी उपलब्धियों ने देश का नाम रोशन किया, लेकिन उनकी सबसे बड़ी पहचान उन युवा खिलाड़ियों में है, जिन्हें उन्होंने सिखाया, आगे बढ़ाया और अपने अनुभव से बेहतर खिलाड़ी बनाया। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी खेल और खिलाड़ियों को समर्पित कर दी।'

Roy Kapur Films on Jaspal Rana Death

जसपाल राणा बायोपिक अपडेट (Image Source: PTI/ RKF)

प्रोडक्शन हाउस ने किया बड़ा खुलासा

प्रोडक्शन हाउस ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में ये भी बताया कि वे जसपाल राणा की जिंदगी पर फिल्म बनाने के लिए उनके साथ काम कर रहे थे। प्रोडक्शन हाउस ने लिखा, 'जब हम उनकी कहानी को बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे थे, तब हमने खेल के लिए उनका जुनून और अपने छात्रों के लिए उनकी सोच को बहुत करीब से देखा। वो हमेशा चाहते थे कि उनके छात्र अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचें और भारतीय खेलों का भविष्य बेहतर बने। लेकिन उनकी उपलब्धियों से भी ज्यादा हम उनके मजाकिया अंदाज, उनकी हाजिरजवाबी और हर माहौल को हल्का-फुल्का बना देने वाली उनकी आदत को याद करेंगे। हालात कैसे भी हों, वो अपनी बातों और किस्सों से सबको हंसा देते थे। उनके साथ बिताया हर पल खुशियां लेकर आता था।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article