बॉलीवुड

Karisma Kapoor-Raveena Tandon के बीच थी खटपट, ‘अंदाज अपना अपना’ के सेट पर एक सवाल ने बदल दिया पूरा माहौल

  • Authored by: अभय
  • Updated Sep 18, 2026, 12:17 PM IST

Karisma Kapoor-Raveena Tandon on Old Controversy: रवीना टंडन (Raveena Tandon) और करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) की पुरानी दोस्ती और अनबन का पर खुलकर बात की। तो चलिए जानते हैं कि दोनों एक्ट्रेस ने क्या कहा...

Image

एक्ट्रेस रवीना टंडन और करिश्मा कपूर ने सुनाया पुराना किस्सा (Image Source: Andaz Apna Apna Movie)

Karisma Kapoor-Raveena Tandon on Old Controversy: 90 के दशक की फिल्मों के किस्से आज भी बॉलीवुड फैंस को खूब पसंद आते हैं। खासकर जब बात किसी ऐसी फिल्म की हो, जिसने रिलीज के सालों बाद भी अपनी अलग पहचान बना ली हो। ऐसी ही एक फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ (Andaz Apna Apna) है, जिसमें रवीना टंडन (Raveena Tandon) और करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) की जोड़ी भी नजर आई थी। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच बातचीत नहीं होती थी, ये बात लंबे समय से बॉलीवुड के चर्चित किस्सों में शामिल रही है। अब दोनों एक बार फिर साथ नजर आईं और उन्होंने उसी दौर की यादों को ताजा करते हुए बताया कि आखिर उनके बीच जमी चुप्पी कैसे टूटी थी।

हर पल आती थी हंसी

हाल ही में रवीना टंडन और करिश्मा कपूर ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ (India’s Best Dancer Season 5) के सेट पर साथ दिखाई दीं। करिश्मा इस शो की जज हैं, जबकि रवीना खास मेहमान के तौर पर पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों ने ‘अंदाज अपना अपना’ की शूटिंग के दिनों को याद किया। हाल ही के एपिसोड में हर्ष लिंबाचिया ने करिश्मा कपूर और रवीना टंडन से पूछा, 'जब आप फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, उस समय हंसी निकलती थी या नहीं?' इस पर रवीना टंडन ने बताया, 'हम तो हमेशा हंसते रहते थे, हर सीन में हंसते थे। आपको एक सीन दिखेगा, जब किडनैपर का फोन आता है और वह इतने सारे पैसे मांगता है और आमिर फोन पर बात कर रहे होते हैं। उस सीन में मैं एक तरफ खड़ी होकर हंस रही थी।'

रवीना ने किया खुलासा

रवीना ने फिल्म के सेट का एक ऐसा किस्सा भी सुनाया, जिसने उनके और करिश्मा के बीच की झिझक दूर करने में मदद की। एक रात की शूटिंग के दौरान दोनों को एक खंभे से पीठ से पीठ लगाकर बांध दिया गया था और उन्हें रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक उसी तरह रहना था। रवीना ने बताया, 'हमारा एक सीन था, जिसमें हमें एक खंभे से बांधा गया था। पूरी रात, रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक हम पीठ से पीठ लगाकर बंधे हुए थे। डिनर ब्रेक हुआ, हम बंधे हुए थे, रात का समय था और हम थक चुके थे। अब इन लोगों ने क्या सोचा? सारे लड़के बोले कि चलो लड़कियों के साथ प्रैंक करते हैं। राज ने कहा, ‘चलो, सब लोग डिनर ब्रेक।’ सब वहां से चले गए और चुपचाप हमें देखने लगे। हम दोनों क्या कर सकते थे? हम कह रहे थे, ‘हमें खोलो, हमें खोलो।’ राज जी ने कहा, ‘सब बाहर निकलो, पूरा फ्लोर खाली करो।’ और सब चले गए। हम दोनों फ्लोर पर अकेले थे।' जब दोनों को खोलने वाला कोई नहीं था, तो आखिरकार रवीना ने चुप्पी तोड़ते हुए करिश्मा से पूछा, 'जूस पियोगी? तुम्हें जूस चाहिए?' करिश्मा ने जवाब दिया, 'हां, मुझे चाहिए। मुझे बहुत भूख लगी है।' इसके बाद दोनों ने आपस में बात करना शुरू कर दिया।

करिश्मा कपूर ने कही ये बात

करिश्मा कपूर ने फिल्म के गाने ‘ये रात और ये दूरी’ के बारे में भी बात की। ये गाना उन्होंने महबूब स्टूडियो में शूट किया था और ये उन शुरुआती सीन्स में से एक था, जिसमें चारों कलाकार साथ आए थे। करिश्मा ने कहा, 'हम चारों ही इंडस्ट्री में काफी नए थे और उस समय राज जी के साथ शूटिंग करते हुए हम सभी बहुत नर्वस थे। उस कॉमेडी गाने को करना बहुत मजेदार था, लेकिन इस तरह का गाना करना आसान नहीं होता। गाने की अपनी एक रफ्तार थी, फिर हमें कॉमेडी भी करनी थी और एनर्जी भी बनाए रखनी थी, फ्लो भी बना रहना था। गाने के लिए हमारा सेटअप कुछ ऐसा ही था। हर कोई काम में बहुत बिजी था, लेकिन हमने इसे बहुत एंजॉय किया। कॉमेडी वाले सभी सीन्स की टाइमिंग देखिए, कमाल की थी। मुझे लगता है कि अंदाज अपना अपना (Andaz Apna Apna) हमेशा से सीखने का एक शानदार अनुभव रहा है।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article