Pathaan Box Office Day 21: बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की एक्शन एंटरटेनर पठान गणतंत्र दिवस के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई थी। फिल्म पठान ने पहले दिन से ही ताबड़तोड़ कमाई का ऐसा सिलसिला शुरू किया, जो अब तक जारी है। फिल्म को सिनेमाघरों में 21 दिन हो चुके हैं और पिछले 21 दिनों से पठान लगातार धांसू आंकड़े दर्ज करा रही है। फिल्म पठान ने 21वें दिन अपने खाते में कुल मिलाकर 5.40 करोड़ रुपये जोड़े हैं, जिसकी मदद से इसकी कुल कमाई 481.35 करोड़ रुपये हो गई है। फिल्म पठान को 21वें दिन वैलेंटाइन्स-डे की छुट्टी का फायदा मिला, जिसका इसने भरपूर फायदा उठाया।
पठान के साउथ वर्जन्स ने की 15 करोड़ से ज्यादा की कमाई
फिल्म पठान को यशराज बैनर ने साउथ भाषाओं में भी रिलीज किया था। फिल्म ने साउथ दर्शकों को भी प्रभावित किया और अपने खाते में 17.50 करोड़ रुपये जोड़े हैं। फिल्म पठान में दर्शकों को हॉलीवुड स्तर का एक्शन देखने को मिला रहा है, जिसे देशभर के दर्शक पसंद कर रहे हैं। शाहरुख खान की पठान ने देशभर में अब तक कुल मिलाकर 498 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। पठान जल्द ही 500 करोड़ रुपये के पार निकल जाएगी, जो अपने आपमें एक रिकॉर्ड है। शाहरुख खान से पहले किसी अभिनेता ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ी मूवी नहीं दी है।
शाहरुख खान की बॉक्स ऑफिस पर हुई सफल वापसी
अभिनेता शाहरुख खान ने फिल्म पठान से बॉक्स ऑफिस पर सफल वापसी की है। फिल्म पठान से पहले शाहरुख खान की फिल्में सिनेमाघरों में पानी मांगती दिख रही थीं। हालांकि पठान ने दर्शकों को सिनेमाघरों में वापस आने को मजबूर कर दिया है। फिल्म पठान से साबित हो गया है कि किंग खान का वक्त अभी तक खत्म नहीं हुआ है।
