Mirzapur: The Film: अपने तीन सीजन से जनता के दिल को जीतने वाली, इंडिया की सबसे पॉपुलर सीरीज मिर्जापुर( Mirzapur) अब फिल्म के रूप में पेश हो रही है। पिछले कुछ महीनों से फिल्म की मेकिंग पर काम चल रहा है। मिर्जापुर एक फिल्म के फॉर्मेट में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार है। इस फिल्म में वो सभी किरदार नजर आएंगे, जो आपने सीजन 1 से लेकर सीजन 3 तक में देखें हैं। हालांकि इस फिल्म में कुछ नए स्टार्स की भी एंट्री हुई है। जितेंद्र कुमार और रवि किशन के बाद अब फिल्म में सोनल चौहान की एंट्री हुई है। सोनल चौहान ने मिर्जापुर: द फिल्म में काम करने की अपनी खुशी जाहिर की है।
जन्नत फ़ेम एक्ट्रेस सोनल चौहान( Sonal Chuhan) ने सोशल मीडिया पर फैंस के साथ मिर्जापुर( Mirzapur) में शामिल होने की खुशी साझा की है। एक्ट्रेस ने एक्सेल एंटरटेन्मेंट की तरफ से मिले लेटर और गिफ्ट को शेयर करते हुए लिखा, "ॐ नमः शिवाय, मैं अभी भी कांप रही हूँ, मिर्जापुर फिल्म में शामिल होने की खुशी बहुत ज्यादा हो रही है, यह एक ऐसा अनुभव है जो बहुत खास है, मुझे बहुत खुशी हो रही है और इंतजार नहीं कर पा रही कि कब फिल्म रिलीज हो और कब आप लोग स्क्रीन पर इसे देखें।" एक्ट्रेस ने फिल्म की प्रोडक्शन टीम का धन्यवाद किया और कहा मुझे मिर्जापुर की इस दुनिया में लाने के लिए आपका बहुत धन्यवाद। बता दें कि एक्सेल एंटरटेन्मेंट ने भी फिल्म में सोनल का स्वागत करते हुए पोस्ट किया है।
मिर्जापुर: द फिल्म की स्टारकास्ट
इस फिल्म में सीरीज के मुख्य कलाकार वापसी कर रहे हैं, जैसे कालीन भैया के रूप में पंकज त्रिपाठी( Pankaj Tripathi) , गुड्डू के रूप में अली फ़जल( Ali Fazal) , मुन्ना भैया के रूप में दिव्येंदु, कंपाउंडर के रूप में अभिषेक बनर्जी, बीना त्रिपाठी के रूप में रसिका दुग्गल( Rasika Duggal) और गोलू गुप्ता के रूप में श्वेता त्रिपाठी( Shweta Tripathi) । कलाकारों में जितेंद्र कुमार( Jitendra Kumar) भी शामिल हैं, जो मिर्ज़ापुर: द फ़िल्म में विक्रांत मैसी( Vikrant Massey) की जगह लेंगे, साथ ही रवि किशन( Ravi Kishan) और मोहित मलिक भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
