बॉलीवुड

'महाभारत' के युधिष्ठिर को नहीं पसंद आया 'Ramayana' का ट्रेलर, Ranbir Kapoor के लिए कही ये बात

Gajendra Chauhan on 'Ramayana' Trailer: 'महाभारत' में युधिष्ठिर का किरदार निभा चुके गजेंद्र चौहान को 'रामायण' का ट्रेलर खास पसंद नहीं आया। भगवान राम के किरदार में उन्होंने रणबीर कपूर की तारीफ की।

Image

'रामायण' के ट्रेलर पर 'महाभारत' के युधिष्ठिर ने दिया रिएक्शन

Gajendra Chauhan on 'Ramayana' Trailer: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ इस समय सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म के ट्रेलर का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे दर्शकों की ओर से शानदार रिस्पॉन्स मिला। एक तरफ यह कई सेलेब्स को पसंद आया। दूसरी ओर 'महाभारत' में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले अभिनेता गजेंद्र चौहान को फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर खास अच्छा नहीं लगा। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: ‘Love & War’ की रिलीज डेट हुई कन्फर्म, रणबीर-आलिया और विक्की कौशल की तिकड़ी इस दिन मचाएगी धमाल)

‘रामायण’ के ट्रेलर ने गजेंद्र चौहान को नही किया इम्प्रेस

हिंदी रश को दिए एक इंटरव्यू में गजेंद्र चौहान ने नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के ट्रेलर पर अपना रिएक्शन दिया। उन्होंने साफ कहा कि वह ट्रेलर देखकर प्रभावित नहीं हुए। हालांकि उन्होंने रणबीर कपूर को भगवान राम के किरदार में देखकर तारीफ की। गजेंद्र चौहान ने कहा कि उन्हें रणबीर के लुक से कोई परेशानी नहीं है बल्कि उनका मानना है कि किसी बड़े स्टार को पौराणिक किरदार में देखना दर्शकों के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

'कैकेयी' के किरदार पर उठाए सवाल

गजेंद्र चौहान ने खास तौर पर कैकेयी के किरदार और उस सीन पर सवाल उठाया, जिसमें वह भगवान राम के वनवास की मांग करती हैं। उनके मुताबिक इस सीन में वह भावनात्मक गहराई नजर नहीं आई, जो रामायण की कहानी के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कैकेयी के लुक पर भी अपनी राय देते हुए कहा कि उनका पहनावा काफी मॉडर्न लगा। गजेंद्र चौहान के अनुसार, कैकेयी के किरदार को ज्यादा पारंपरिक अंदाज में दिखाया जाना चाहिए था। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: Raaka: प्रेग्नेंट लेडी के रोल में दिखाई देंगी Deepika Padukone, जान्हवी-रश्मिका का ऐसा होगा किरदार)

पुरानी ‘रामायण’ से की तुलना

गजेंद्र चौहान ने इस सीन की तुलना रवि चोपड़ा की ‘रामायण’ से भी की। उन्होंने बताया कि कैकेयी और दशरथ के बीच वनवास वाला सीन पुराने शो में काफी विस्तार से फिल्माया गया था। उनके मुताबिक, इस पूरे सीक्वेंस की शूटिंग में करीब डेढ़ दिन लगा था। यह कहानी का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है, क्योंकि इसमें कैकेयी के फैसले के बाद पूरे परिवार के भावनात्मक रूप से टूटने को दिखाया जाता है।

‘महाभारत’ का अनुभव भी किया शेयर

गजेंद्र चौहान ने पौराणिक किरदारों की कास्टिंग को लेकर भी अपनी बात रखी। उनका मानना है कि जब किसी कलाकार की पहले से बहुत बड़ी स्टार इमेज होती है, तो दर्शकों के लिए उसे किसी पौराणिक किरदार के रूप में स्वीकार करना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने अपने ‘महाभारत’ के युधिष्ठिर वाले अनुभव का उदाहरण दिया। अभिनेता ने बताया कि युधिष्ठिर का किरदार मिलने से पहले उन्होंने फिल्मों और करीब 25 टीवी सीरियल्स में काम किया था, लेकिन तब तक उनकी कोई बहुत बड़ी स्टार इमेज नहीं बनी थी। ‘महाभारत’ के बाद ही उनकी पहचान युधिष्ठिर के रूप में मजबूत हुई।

रणबीर कपूर की तारीफ

गजेंद्र चौहान ने भले ही ‘रामायण’ के ट्रेलर को पसंद नहीं किया, लेकिन उन्होंने रणबीर कपूर के लुक की जमकर तारीफ की। उन्होंने माना कि रणबीर भगवान राम के गेटअप में काफी अच्छे लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि रणबीर एक बड़े स्टार हैं और उनकी अपनी एक मजबूत इमेज है, लेकिन राम के किरदार में वह देखने में अच्छे लग रहे हैं।

Lalit Kumar
ललित कुमार author

ललित कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में बतौर राइटर जुड़े हैं। पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद ललित ने एंटरटेनमेंट बीट में अपना करियर शुरू किया और बॉलीवुड, टीवी, वेब सीरीज और सेलेब्रिटी लाइफ से जुड़ी खबरों की गहरी समझ विकसित की। मीडिया में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले ललित एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स, ब्रेकिंग अपडेट्स, फिल्म/वेब सीरीज कवरेज को यूजर-फ्रेंडली अंदाज में पेश करने में माहिर हैं और अबतक 13,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article