Rakesh Kumar Prayer Meet: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता और निर्देशक राकेश कुमार (Rakesh Kumar) का 10 नवंबर को निधन हो गया। उनके निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर है। फिल्म निर्माता लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। 81 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। आज उनके परिवार के द्वारा निर्माता के लिए प्रार्थना सभा रखी गई। इस प्रार्थना सभा में जया बच्चन, अभिषेक बच्चन, शबाना आजमी और इंद्र कुमार समेत कई कलाकार शामिल हुए। प्रार्थना सभा में पहुंची जया बच्चन के चेहरे पर अलग तरह की उदासी दिखीं। वो अपने बेटे अभिषेक बच्चन के साथ पहुंची थीं। जया और अभिषेक का वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
राकेश कुमार की प्रार्थना सभा में शामिल हुए कई कलाकार
निर्माता के जाने से अमिताभ बच्चन काफी दुखी है
अमिताभ बच्चन इस खबर को जानने के बाद बुरी तरह से टूट चुके हैं। एक्टर ने उनके अंतिम संस्कार में जाने से भी इंकार कर दिया। एक्टर ने इसका खुलासा अपने ब्लॉग में करते हुए कहा कि नहीं, मैं उनके अंतिम संस्कार में जाने से हिचकिचाउंगा, क्योंकि मैं राकेश को उस तरह से नहीं देख पाउंगा। उन्होंने कहा, तुमने मुझे सारी अच्छी यादें दी है, जो मेरे दिल में हमेशा रहेंगी। आपको बता दें कि अमिताभ और राकेश ने कई सारी फिल्मों में साथ काम किया है।
राकेश कुमार उस समय के जाने- माने निर्माता और निर्देशक में से एक थे। उनके काम को पहचान मिस्टर नेटवरलाल, दो और दो पांच, याराना जैसी फिल्मों से मिली थी। अमिताभ और राकेश की जोड़ी ऑनस्क्रीन तो हिट थी। लेकिन असल जिंदगी में भी दोनों एक- दूसरे के अच्छे दोस्त थे। अपने करीबी दोस्त को खोने से अमिताभ काफी दुखी है। राकेश कुमार ने अपने करियर की शुरुआत प्रकाश मेहरा की फिल्म जंजीर में असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में की थी।
