Farhan Akhtar on Ranveer Singh: बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह (Ranveer Singh) के डॉन 3 से अलग होने का मामला काफी समय तक सुर्खियों में रहा था। अब इस विवाद से जुड़ा मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल, फिल्म के निर्देशक फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) ने रणवीर को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ गई है। फरहान का यह बयान रणवीर के फिल्म छोड़ने के फैसले से जोड़कर देखा जा रहा है। डॉन 3 को लेकर पहले भी दोनों के बीच मतभेदों की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में फरहान के हालिया बयान ने एक बार फिर पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया है।-(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-कालीन भैया से टकराएंगे Rajkummar Rao, बॉक्स ऑफिस पर होगी भिड़ंत)
फरहान अख्तर ने कसा तंज
फरहान अख्तर इन दिनों अपनी पहली फिल्म दिल चाहता है के 25 साल पूरे होने के मौके पर चर्चा में हैं। हाल ही में द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया के साथ बातचीत में उन्होंने फिल्म के अभिनेता सैफ अली खान से जुड़ा एक किस्सा बताया। फरहान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले सैफ अली खान के सामने डेट्स की समस्या आ गई थी। उनकी दूसरी फिल्म का शेड्यूल बदल गया था, जिसके चलते उन्होंने दिल चाहता है छोड़ने का फैसला किया था। सैफ के फिल्म छोड़ने की बात करते हुए फरहान ने कहा कि उस समय उनके लिए यह किसी बड़े झटके से कम नहीं था। उन्होंने बताया कि सैफ के अलावा उस किरदार के लिए उन्हें कोई दूसरा अभिनेता सही नहीं लग रहा था। इसी दौरान फरहान ने रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से बाहर होने का भी जिक्र किया। रणवीर का नाम लिए बिना फरहान ने कहा कि सैफ की तरह ही रणवीर भी फिल्म की शूटिंग शुरू होने से कुछ समय पहले प्रोजेक्ट से अलग हुए थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'यह आजकल एक पैटर्न जैसा लगता है।' फरहान की इस बात पर इंटरव्यू लेने वाला व्यक्ति हंस पड़ा। इसके बाद फरहान ने कहा कि ऐसा सिर्फ उनके साथ नहीं, बल्कि दूसरे मामलों में भी होता है।
बता दें कि रणवीर सिंह ने डॉन 3 की शूटिंग शुरू होने से कुछ समय पहले फिल्म से हटने का फैसला किया था। इसके बाद उनके और फरहान के बीच विवाद की खबरें सामने आईं। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि फिल्म से बाहर होने के बाद रणवीर ने साइनिंग अमाउंट वापस करने की पेशकश की थी, जबकि मेकर्स ने प्री-प्रोडक्शन में हुए नुकसान के लिए कथित तौर पर 45 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की थी। मामला बाद में FWICE तक भी पहुंचा था। फिल्म संस्था ने रणवीर के खिलाफ असहयोग का फैसला लिया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया। संस्था ने यह भी साफ किया था कि रणवीर पर कोई बैन नहीं लगाया गया है। रणवीर की ओर से इस पूरे मामले पर ज्यादातर उनके प्रवक्ता के जरिए ही प्रतिक्रिया सामने आई है।
