Dream Girl 2 Box Office Collection: आयुष्मान खुराना और अनन्या पांडे की फिल्म ड्रीम गर्ल 2 ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों का पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म में आयुष्मान ने पूजा का रोल निभाया था। पूजा की अदाओं ने दर्शकों पर अपना खूब जादू चलाया। ड्रीम गर्ल 2 को रिलीज हुए 14 दिन हो गए है। फिल्म की कमाई में गुरुवार यानी 7 सितंबर को भारी गिरावट देखने को मिली। 7 सितंबर को शाहरुख खान की फिल्म जवान रिलीज हुई थी।
जवान ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 75 करोड़ की कमाई की है। वहीं, आयुष्मान की ड्रीम गर्ल 2 ने बॉक्स ऑफिस पर महज 1 करोड़ का बिजनेस किया है। Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, ड्रीम गर्ल 2 ने बुधवार को 2.67 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म ने कुल मिलाकर 95.69 करोड़ का बिजनेस किया था। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 10.69 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म ने पहले वीकेंड पर 67 करोड़ की कमाई की थी।
ड्रीम गर्ल 2 की कमाई में जवान ने लगाई सेंध
फिल्म ने वर्ल्डवाइड 100 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है। ड्रीम गर्ल 2 साल 2019 में आई हिट फिल्म ड्रीम गर्ल का सीक्वल है। फिल्म में आयुष्मान जल्दी पैसा कमाने के लिए पूजा नाम की लड़की का किरदार निभाता है। वो अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहते हैं। फिल्म में कॉमेडी और फैमिली ड्रामा का भरपूर डोज है। आयुष्मान के साथ विजय राज, राजपाल यादव, अभिषेक बनर्जी, परेश रावल, सीमा पहवा, अनु कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई है।
