Badaun News: बदायूं-बरेली हाईवे पर गुरुवार रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने सबको झकझोर कर रख दिया। बारात के जाम में करीब एक घंटे तक एंबुलेंस फंसी रही और समय पर अस्पताल न पहुंच पाने के कारण एक मरीज की मौत हो गई। एंबुलेंस का सायरन बजता रहा, परिजन रास्ता देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन सड़क पर नाच रहे बारातियों को न सायरन सुनाई दिया और न ही परिजनों की चीख-पुकार।
बदायूं से आया दिल तोड़ने वाला मामला
पूरा मामला सिविल लाइंस क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली किरण लीवर की मरीज थीं और उनका बरेली में उपचार चल रहा था। पति भूपेंद्र के मुताबिक गुरुवार रात करीब नौ बजे अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन तुरंत प्राइवेट एंबुलेंस से उन्हें बरेली ले जा रहे थे। जैसे ही एंबुलेंस शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी के पास पहुंची, वह लंबे जाम में फंस गई। बताया जा रहा है कि पर्ल मैरिज लॉन में एक बारात आई हुई थी। मैरिज लॉन में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारातियों ने अपनी गाड़ियां सड़क किनारे आड़े-तिरछे खड़ी कर दी थीं। ऊपर से बारात सड़क पर ही नाचते हुए चल रही थी। इससे हाईवे पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
बारातियों ने गुहार के बाद भी नहीं दिया रास्ता
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बारातियों से बार-बार रास्ता देने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने रास्ता देने की जहमत नहीं उठाई। मैरिज लॉन के कर्मचारी भी बारातियों की गाड़ियां हटवाने और रास्ता खुलवाने नहीं पहुंचे। करीब एक घंटे तक एंबुलेंस जाम में ही तड़पती रही। जब तक रास्ता खुला, तब तक काफी देर हो चुकी थी। बरेली में उपचार मिलने से पहले ही किरण की मौत हो गई। चौकी प्रभारी राकेश कोन के मुताबिक बारात चढ़ने के दौरान पर्ल मैरिज लॉन से पुलिस चौकी तक करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा। प्रयास के बाद यातायात सुचारु कराया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में 4 की मौत, कई घायल
परिजनों में भारी आक्रोश
घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने मैरिज लॉन संचालक और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर रास्ता मिल जाता तो शायद किरण की जान बच जाती। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि शादी-बारात के दौरान सड़क जाम करने और बिना पार्किंग के मैरिज लॉन चलाने वालों पर कब कार्रवाई होगी। लोगों का कहना है कि जश्न के शोर में किसी की जिंदगी नहीं जानी चाहिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
