अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में एक स्कूल के पास हुए भीषण विस्फोट में 7 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 97 अन्य घायल हो गए। यह घटना शनिवार सुबह प्रांत के असदाबाद शहर के दंद-ए-सिर इलाके में शागी सेकेंडरी स्कूल के पास हुई। धमाका एक मकान में हुआ, जहां खनन कार्य के लिए विस्फोटक सामग्री रखी गई थी।
कुनार के सूचना एवं संस्कृति निदेशक सामीउल हक हकबयान ने बताया कि विस्फोट के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुनार प्रांतीय अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में घायल 97 लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान में रखे विस्फोटकों का इस्तेमाल खनन के साथ-साथ कुनार-नूरिस्तान हाईवे पर चट्टानों को हटाने के लिए किया जा रहा था। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: जापान के सकुराजिमा ज्वालामुखी में जोरदार विस्फोट, 1,200 मीटर ऊपर उठा राख का गुबार
भंडारण में लापरवाही और असावधानी को हादसे की वजह माना जा रहा है
अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने बताया कि शुरुआती जांच में विस्फोटकों के भंडारण में लापरवाही और असावधानी को हादसे की वजह माना जा रहा है। अधिकारियों ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, जिस घर में विस्फोट हुआ, उसका इस्तेमाल कथित तौर पर खनन कार्य से जुड़े लोग कर रहे थे। और वहां डायनामाइट जमा करके रखा गया था।यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि घर में रखे विस्फोटक किस उद्देश्य से जमा किए गए थे। हालांकि, विस्फोट किस वजह से हुआ और विस्फोटक में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
