स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल में पिछले कुछ सीजन खराब रहने के बाद आखिरकार मुंबई इंडियंस ने अपने पुराने और सबसे सफल कप्तान को कप्तानी सौंप दी। शुक्रवार को एमआई ने रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाए जाने का ऐलान किया। इसके दिन बाद कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ा बयान दे दिया। उन्होंने टीम की प्राथमिकता के सवाल पर कहा कि ट्रॉफी तो बहुत दूर की बात है इसे भूल जाइए। बल्कि मुंबई के लिए खेलना का आनंद लेने की बात कही।
तीन साल के अंतराल के बाद रोहित शर्मा को फिर से मुंबई इंडियंस का कप्तान बना दिया गया है। वह हार्दिक पांड्या की जगह लेंगे, जो एक ट्रेड के तहत पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। इस ट्रेड के चलते तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में आ गए हैं। ऐसे में 39 वर्षीय रोहित, जिनकी कप्तानी में मुंबई ने पांच IPL खिताब जीते हैं, का मानना है कि सीजन के अंत में ट्रॉफी जीतने के बारे में सोचने से पहले टीम को छोटे-छोटे लक्ष्यों पर ध्यान देना चाहिए।
'ट्रॉफी तो भूल जाएइए'
रोहित ने मुंबई इंडियंस को दिए एक इंटरव्यू में कहा, देखिए, मेरा ध्यान सीधे ट्रॉफी जीतने पर नहीं है। मान लीजिए कि IPL शुरू होने में बस एक हफ्ता बचा है। अगर मैं टीम से कहूं कि 'चलो, ट्रॉफी जीतते हैं', तो ऐसा नहीं होगा। आप सीजन की शुरुआत में ट्रॉफी नहीं जीतते; आप इसे अंत में जीतते हैं।
रोहित ने आगे कहा, ट्रॉफी तो अभी बहुत दूर की बात है, उसे भूल जाइए। पहले खेल का मजा लीजिए। बात बस मजा लेने की है और यह याद रखने की है कि आपने खेलना शुरू क्यों किया था। इन सबके बीच, हम अक्सर भूल जाते हैं कि यह वह समय है जब हम एक टीम के रूप में मैदान पर एक साथ होते हैं। तो चलिए, मजा लेने की कोशिश करते हैं।
2020 से टीम की निरंतरता में आई कमी
मुंबई इंडियंस के हालिया IPL रिकॉर्ड से पता चलता है कि रोहित नए सीजन को एक अलग नजरिए से क्यों देखना चाहते हैं। इस फ्रेंचाइजी ने आखिरी बार 2020 में खिताब जीता था और उसके बाद से वे उस निरंतरता को बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिसने उन्हें इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीमों में से एक बनाया था।
हार्दिक की कप्तानी में बुरा हुआ हाल
रोहित की कप्तानी में, मुंबई 2021 में पांचवें और 2022 में 10वें स्थान पर रही। 2023 में क्वालीफायर 2 तक पहुंचने के बाद, फ्रेंचाइजी ने कप्तान बदल दिया और हार्दिक पांड्या को रोहित की जगह कमान सौंप दी। लेकिन 2024 में पांड्या की कप्तानी में मुंबई 10वें स्थान पर रही। 2025 में वे क्वालीफायर 2 तक पहुंचे, जबकि 2026 का सीजन उन्होंने नौवें स्थान पर खत्म किया।
यह भी पढ़ें- आकाश दीप ने न्यूजीलैंड में रचा इतिहास
