Rishi Kapoor Death: जब रणबीर ने किया था खुलासा, पिता ऋषि कपूर को बार-बार सता रहा था इस चीज का डर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 1, 2020, 06:19 PM IST

Rishi Kapoor Demise: ऋषि कपूर अपनी फिल्मों के जरिए ही अपने फैंस की यादों में जिंदा रहेंगे। हालांकि, ऋषि कपूर जब अपना इलाज करवा रहे थे तो भी उन्हें काम की याद सता रही थी। खुद रणबीर ने इसका खुलासा किया था।

Rishi Kapoor Death: जब रणबीर ने किया था खुलासा, पिता ऋषि कपूर को बार-बार सता रहा था इस चीज का डर

मुंबई. दो साल से कैंसर से जंग लड़ने के बाद ऋषि कपूर ने गुरुवार को अंतिम सांस ली। ऋषि कपूर इलाज के दौरान अपने काम को सबसे ज्यादा मिस कर रहे थे। रणबीर कपूर ने बताया था कि उन्हें डर सता रहा था कि उन्हें आगे अब काम मिलेगा या नहीं। 

साल 2019 में रणबीर कपूर को संजू फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर मेल का जी सिने अवॉर्ड मिला था। अवॉर्ड लेने के बाद रणबीर कपूर ने बताया कि उनके पिता को चिंता हो रही थी कि देश वापस लौटने के बाद उन्हें काम मिलेगा या नहीं।

रणबीर अवॉर्ड लेने के बाद बता रहे थे कि अमेरिका में इलाज के दौरान ऋषि कपूर सिर्फ फिल्मों के बारे में ही बात कर रहे थे। रणबीर कपूर के साथ इस दौरान आलिया भट्ट भी थीं। रणबीर की ये बात सुनकर आलिया भट्ट इमोशनल हो गईं।  

इन फिल्मों में आने वाले थे नजर 
ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म द बॉडी थी। इसमें वह इमरान हाशमी के साथ नजर आए थे। ऋषि कपूर दीपिका पादुकोण के साथ हॉलीवुड फिल्म The Intern के रीमेक में काम करने  वाले थे। 

ऋषि कपूर इसके अलावा फिल्म शर्माजी की नमकीन में भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनकी और जूही चावला की जोड़ी पर्दे पर वापसी करने वाली थी। ऋषि कपूर ने आखिरी शेड्यूल को छोड़कर अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली थी। 

मुंबई रवाना हुई बेटी रिद्धिमा
ऋषि कपूर गुरुवार शाम पंचतत्व में विलीन हो गए। हालांकि, उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर सहानी उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकी। अब रिद्धिमा सहानी मुंबई के लिए रवाना हो गईं हैं। उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर फोटो शेयर की है। 

आपको बता दें कि ऋषि कपूर के अंतिमसंस्कार में केवल 20 लोग ही शामिल हुए थे। आलिया भट्ट, नीतू कपूर, करीना कपूर, सैफ अली खान, अभिषेक बच्चन, रीमा जैन उनकी अंतिम यात्रा में उनके साथ थे। रणबीर कपूर ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
      

End of Article