Virat Kohli का खुलासा, बताया क्यों वो और Anushka Sharma नहीं दिखाना चाहते बेटी Vamika की झलक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2021, 12:42 PM IST

Virat Kohli Why Not posting daughter Photo: विराट कोहली इन दिनों पत्नी अनुष्का और बेटी वामिका के साथ घर पर समय बिता रहे हैं। हाल ही में एक फैन ने उससे बेटी वामिका के नाम मतलब पूछा है...

Virat Kohli का खुलासा, बताया क्यों वो और Anushka Sharma नहीं दिखाना चाहते बेटी Vamika की झलक

भारतीय क्रिकेट टीम की आन बान शान कहे जाने वाले विराट कोहली का नाम दुनिया के हर कोने में गूंजता है। क्रिकेट दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में उनका नाम लिया जाता है। क्रिकेट के मैदान पर शतकों का अंबार लगाने से लेकर, टीम का जोश बढ़ाने और विरोधियों को अपने तेवर से डराने वाले विराट के जीवन से जुड़ी हर चीज से फैंस वाकिफ होंगे। लेकिन विराट के जीवन से जुड़ी सबसे अहम तस्वीर को देखने के लिए फैंस बेसब्री इंतजार कर रहे हैं। जी हां ये कोई और नहीं बल्कि विराट और अनुष्का की बेटी ‘वामिका’ की झलक है।

विराट और अनुष्का अक्सर अपनी फोटोज और वीडियोज को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहते हैं। साल के शुरुआती दिनों में अनुष्का ने एक बेटी को जन्म दिया था, जिसको लेकर वो काफी चर्चा में रही थीं। हालांकि दंपत्ति ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की तस्वीर साझा करने से इंकार कर दिया था। साथ ही पैपराजी से भी बेटी की फोटो ना लेने के लिए अनुरोध किया था। ऐसे में जहां फैंस वामिका की झलक देखने के लिए उतावले हैं, वहीं विराट ने फैंस को सोशल मीडिया पर बेटी की फोटो शेयर ना करने का कारण बताया है। 

विराट ने बताया बेटी के नाम का मतलब

इंग्लैंड दौरे पर जाने से पहले विराट इन दिनों पत्नी अनुष्का और बेटी वामिका के साथ घर पर समय व्यतीत कर रहे हैं। बीते दिन विराट ने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ सवाल जवाब का सिलसिला शुरु किया। इस दौरान एक प्रशंसक ने विराट से बेटी वामिका का मतलब पूछा और ये पूछा कि वो बेटी वामिका की झलक कब दिखाने वाले हैं?

विराट कोहली ने प्रशंसक के इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि ‘वामिका देवी दुर्गा का ही एक और नाम है। वहीं विराट ने बताया कि ‘हमने तय किया है कि हम अपनी बच्ची को तब तक सोशल मीडिया से दूर रखेंगे, जब तक उसे सोशल मीडिया की समझ नहीं होती और वो खुद अपना फैसला नहीं ले पाती है’। विराट कोहली का ये जवाब सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियों में है। यूजर्स द्वारा इसे खूब पसंद किया जा रहा है और इसकी सराहना की जा रही है। आपको बता दें विराट और अनुष्का ने साल 2017 में शादी किया था और 3 साल बाद 11 जनवरी 2021 में एक बेटी को जन्म दिया है।

महिला दिवस पर अनुष्का और वामिका संग विराट ने किया था फोटो शेयर

विराट कोहली जितना हिट खेल के मैदान पर हैं उतना ही अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। विराट किसी भी खास मौके पर अपने परिवार को स्पेशल महसूस करवाने में पीछे नहीं हटते। हाल ही में विराट ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पत्नी अनुष्का और बेटी वामिका के साथ सोशल मीडिया पर फोटो शेयर किया था। विराट ने इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा था कि ‘बच्चे का जन्म देखना एक इंसान के लिए सबसे अधिक झकझोर देने वाला, आश्चर्यजनक और अविश्वसनीय अनुभव हो सकता है। इस पल का गवाह बनने के बाद आप महिलाओं की असली ताकत को समझते हैं।

आप समझते हैं कि भगवान ने उनके अंदर जीवन क्यों बनाया है। ये इसलिए क्योंकि वो पुरुषों की तुलना में अधिक मजबूत हैं’ विराट कोहली ने महिला दिवस की बधाई देते हुए आगे लिखा कि ‘मेरी जिंदगी की सबसे प्रखर, दयालु और मजबूत महिला को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं। साथ ही उसे भी बधाई जो बड़ी होकर अपनी मां की तरह बनने वाली है। दुनिया की सभी महिलाओं को महिला दिवस मुबारक हो’। विराट के इस अंदाज को प्रसंशकों द्वारा बेहद पसंद किया गया था।

End of Article