दुनिया से 'राब्‍ता' तोड़ अनंत के लिए 'शांत' हो गया सिनेमा का सुशांत, अंतिम विदाई में 'रोया' आसमां

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 15, 2020, 04:58 PM IST

Sushant Singh Rajput Death: सुशांत सिंह राजपूत के रूप में हिंदी सिनेमा का एक और सितारा इस दुनिया से चला गया। 34 साल की उम्र में सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्‍कार हो गया है।

दुनिया से 'राब्‍ता' तोड़ अनंत के लिए 'शांत' हो गया सिनेमा का सुशांत, अंतिम विदाई में 'रोया' आसमां

Sushant Singh Rajput Death: सुशांत सिंह राजपूत के रूप में हिंदी सिनेमा का एक और सितारा अचानक इस दुनिया से चला गया। मुंबई में भारी बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच विले पार्ले स्थित पवन हंस श्‍मशान घाट (Pawan Hans Crematorium) सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्‍कार हो गया है। अंतिम विदाई के वक्‍त उनके प‍िता केके सिंह, बहनें, बॉलीवुड अदाकारा कृति सेनन, विवेक ओबेरॉय, श्रद्धा कपूर, रणदीप हुड्डा, कांग्रेस नेता संजय निरुपम, निर्देशक अभिषेक कपूर और उनकी पत्नी प्रज्ञा, श्रद्धा कपूर, वरुण शर्मा, ताहिर राज भसीन मौजूद थे। 

34 साल की उम्र में सुशांत सिंह राजपूत हमेशा के लिए 'शांत' हो गए। ना जाने ऐसा कौन सा दर्द था जिसने उन्‍हें आत्‍महत्‍या जैसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। पूरा देश उनके न‍िधन से स्‍तब्‍ध है और सबके जेहन में बस एक ही सवाल है- सुशांत तुमने क्‍यों किया ये? शायद ही इस सवाल का जवाब अब मिल पाए। 

सुशांत सिंह राजपूत अपने पीछे पिता और 4 बहनों को छोड़कर चले गए हैं। सुशांत की एक बहन नुपुर मुंबई में रहती है। सुशांत के न‍िधन की खबर पाकर सबसे पहले नुपुर ही पहुंची थीं। वहीं उनके परिवार के कुछ अन्‍य लोग सोमवार सुबह मुंबई पहुंचे थे। 

आखिरी बार देखने पहुंचीं रिया चक्रवर्ती

बॉलीवुड एक्‍टर सुशांत‍ सिंह राजपूत कुछ समय से एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को डेट कर रहे थे। सुशांत के न‍िधन के बाद रिया का बुरा हाल है। उनके अंतिम दर्शन के लिए रिया चक्रवर्ती कपूर अस्पताल पहुंचीं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्‍वीरें सामने आई हैं जिसमें वह सफेद सूट सलवार में दिख रही हैं और उनके चेहरे पर सुशांत के जाने का गम साफ दिख रहा है। 

एक बहन रहती हैं विदेश

सुशांत सिंह राजपूत की एक बहन मुंबई नहीं पहुंच पाएंगी। श्वेता सिंह कीर्ति अपने भाई सुशांत को अंतिम विदाई देने के लिए आना चाहती हैं लेकिन उन्हें कोई रास्ता नहीं मिल रहा। श्वेता सिंह कीर्ति यूएस में रहती हैं। उन्हें इंडिया आने के लिए फ्लाइट टिकट नहीं मिला पा रहा है। श्वेता सिंह कीर्ति ने फेसबुक पर लोगों से मदद मांगते हुए अपनी परेशानी जाहिर की है। 

ड‍िप्रेशन में थे सुशांत सिंह राजपूत

बॉलीवुड अभिनेता और टीवी शो पवित्रा रिश्ता फेम एक्‍टर सुशांत स‍िंह राजपूत 34 साल के थे और डिप्रेशन से जूझ रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार दिवंगत अभिनेता नवंबर में शादी भी करने वाले थे लेकिन इससे पहले ही उन्‍होंने सुसाइड कर ली। 14 जून को सुशांत का शव बांद्रा स्थित घर में उनके घर में पंखे से लटका मिला।  

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर न सिर्फ बॉलीवुड ही दुखी है बल्कि राजनीतिक गलियारे में शोक है। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कुछ इस तरह संवेदना जाहिर की। पीएम मोदी ने ल‍िखा- सुशांत सिंह राजपूत..एक होनहार यंग अभिनेता जो हम सबको बहुत जल्द छोड़कर चले गए। उन्होंने टीवी और फिल्मों में उम्दा प्रदर्शन किया। जिस तरह से एंटरटेनमेंट की दुनिया में उन्होंने बहुत लोगों को प्रेरित किया और अपने पीछे न भूलने वाली यादें छोड़कर चले गए। उनके निधन से स्तब्ध हूं। मेरी संवेदना उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ है..ओम शांति!

End of Article