सलमान खान और सनी देओल को लेकर बन रही थी ये बड़ी फ‍िल्‍म, लेक‍िन बॉबी देओल बीच में आ गए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 1, 2020, 09:59 AM IST

साल 1990 में सलमान खान (Salman Khan) और सनी देओल (Sunny Deol) को लेकर एक बड़ी फिल्म बन रही थी जिसकी शूटिंग भी शुरू हो गई थी, लेकिन बॉबी देओल (Bobby Deol) की वजह से यह फिल्म नहीं बन सकी।

सलमान खान और सनी देओल को लेकर बन रही थी ये बड़ी फ‍िल्‍म, लेक‍िन बॉबी देओल बीच में आ गए

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान फिल्म इंडस्ट्री के सबसे कामयाब एक्टर्स में से एक हैं और उनके लाखों फैंस हैं। सलमान के फैंस की दीवानगी उनकी फिल्मों के लिए अलग ही होती है और वो बेसब्री से उनकी फिल्मों का इंतजार करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सलमान खान की ऐसी कई फिल्में हैं जो रिलीज नहीं हो सकीं।

सलमान की एक फिल्म 'दिल है तुम्हारा' बनने वाली थी लेकिन बॉबी देओल के कारण यह फिल्म नहीं बन सकी। इस फिल्म की शूटिंग साल 1990 में शुरू होने वाली थी जिसे राज कुमार संतोषी डायरेक्ट कर रहे थे। दरअसल साल 1990 में संतोषी के डायरेक्शन में बनी सनी देओल की फिल्म घायल रिलीज हुई थी जो हिट साबित हुई थी, वहीं दूसरी तरफ सलमान खान ने फिल्मों में एंट्री की ही थी। संतोषी सलमान खान और सनी देओल को लेकर एक फिल्म दिल है तुम्हारा बनाने वाले थे जिसकी शूटिंग शुरू भी हो गई थी और बताया जाता है कि इसके एक शेड्यूल की शूटिंग पूरी हो गई थी।  

वहीं दूसरी तरफ सनी देओल के छोटे भाई बॉबी देओल को फिल्मों में लॉन्च करने की तैयार चल रही थी और उनकी फिल्म बरसात को शेखर कपूर डायरेक्ट करने वाले थे लेकिन किसी वजह से उन्होंने यह फिल्म छोड़ दी।  इसके बाद संतोषी ने बॉबी की फिल्म बरसात को डायरेक्ट किया और सलमान की फिल्म को बीच में ही छोड़ दिया, जिसके बाद यह फिल्म कभी रिलीज नहीं हो सकी।  

हालांकि साल 2002 में फिल्म दिल है तुम्हारा टाइटल से एक फिल्म रिलीज हुई जिसमें सलमान खान नहीं बल्कि प्रीति जिंटा, जिम्मी शेरगिल, अर्जुन रामपाल और महिमा चौधरी थीं। बता दें कि सलमान खान और बॉबी देओल फिल्म हीरोज और रेस 3 में साथ नजर आ चुके हैं। वहीं सलमान के वर्क फ्रंट की बात करें तो इन दिनों वो अपनी फिल्म राधे की शूटिंग कर रहे हैं जिसमें वो एक्ट्रेस दिशा पाटनी संग नजर आएंगे, जो इस साल ईद के मौके पर रिलीज होगी। इसके अलावा अगले साल ईद पर उनकी फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' रिलीज होगी, जिसकी कुछ समय पहले सलमान ने खुद जानकारी दी थी।

End of Article